Panchkula: बच्ची को पीटने का आरोपी अध्यापक निलंबित, वायरल वीडियो में दिखी थी दरिंदगी
जेबीटी अध्यापक रविंदर कुमार की ओर से बच्ची को बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में रोष है। वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि अध्यापक रविंदर कुमार छोटी बच्ची को स्कूल के पीछे लेकर जाता है और उसके गाल पर जोर-जोर से थप्पड़ मारना शुरू कर देता है।
विस्तार
पंचकूला सेक्टर-2 स्थित गांव माजरी के राजकीय प्राइमरी स्कूल में एक जेबीटी अध्यापक द्वारा दूसरी कक्षा की एक बच्ची को बेरहमी से पीटने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। आरोपी अध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। इस पूरे मामले का एक वीडियो वायरल हो गया था। पंचकूला जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सतपाल कौशिक ने वीडियो की जांच के बाद आरोपी अध्यापक रविंदर कुमार के खिलाफ उक्त कार्रवाई की है।
इस स्कूल के जेबीटी अध्यापक रविंदर कुमार की ओर से बच्ची को बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में रोष है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि अध्यापक रविंदर कुमार छोटी बच्ची को स्कूल के पीछे लेकर जाता है और उसके गाल पर जोर-जोर से थप्पड़ मारना शुरू कर देता है। बच्ची बचने के लिए अपने हाथों से चेहरे को ढंकने का प्रयास करती नजर आ रही है। लेकिन आरोपी अध्यापक को रहम नहीं आता है। वह बच्ची को 15-20 थप्पड़ मारने के बाद वापस ले जाता है। वीडियो में दिख रही बच्ची स्कूल की ड्रेस में है और उसके कंधे पर स्कूल का बैग भी टंगा हुआ है।
यह मामला मेरे संज्ञान में आने के बाद जांच करवाई गई है। इसमें बच्ची को पीटने वाले आरोपी अध्यापक रविंदर कुमार को पेश होने के लिए कहा गया था। लेकिन वह पेश नहीं हुआ। इस पर उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया गया है। -सतपाल कौशिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, पंचकूला।
विज्ञापन विज्ञापन