हरियाणा में बढ़ेगी एयर कनेक्टिविटी, चार हवाई पट्टियों का विस्तार, सीएम करेंगे योजनाओं का लोकार्पण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा सरकार सूबे में सड़क और रेल तंत्र के साथ-साथ एयर कनेक्टिविटी पर भी जोर देगी। इसके लिए प्रदेश सरकार भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण के साथ एक एमओयू भी कर चुकी है। जिसके तहत एयर कनेक्टिविटी संबंधी परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। इसी कड़ी में 27 अक्तूबर को प्रदेश सरकार हिसार रनवे के विस्तार संबंधी योजना की शुरुआत करेगी।
करनाल, पिंजौर, भिवानी और नारनौल में अन्य चार हवाई पट्टियों का भी विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल 27 अक्तूबर को रनवे विस्तार के लिए भूमिपूजन के साथ हिसार में अंतरराष्ट्रीय विमानन हब विकसित करने की शुरुआत करेंगे। राज्य में सड़कों के सुदृढ़ीकरण, मेट्रो के विस्तार व रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम कॉरिडोर प्रणाली विकसित करने की विशेष पहल की गई है।
हिसार में अंतरराष्ट्रीय विमानन हब के विकास के लिए एक मजबूत एवं मूलभूत परिकल्पना को प्रोत्साहित करने की दिशा में हरियाणा सरकार भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (एएआई) के साथ पहले ही एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर कर चुकी है।
हिसार से प्रस्तावित विमानन हब में अंतरराष्टीय मानक के हवाई अड्डे के साथ 9 हजार फीट रन-वे, एयरलाइंस और जनरल एविएशन (जीए) ऑपरेटरों के लिए पर्याप्त पार्किंग, रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) सुविधाएं, एयरोस्पेस विश्वविद्यालय, पायलटों, इंजीनियरों और ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ के लिए ग्लोबल ट्रेनिंग सेंटर और आवासीय और वाणिज्यिक विकास की योजना शामिल हैं। इसके साथ ही उन्नत हिसार हवाई अड्डे से यूडीएएन के कार्यान्वयन के लिए एक बड़े एप्रन, छोटे यात्री टर्मिनल और ए 320 प्रकार के विमानों को समायोजित करने के लिए तीन हैंगर का निर्माण किया जा रहा हैं।
आईएमटी फरीदाबाद की दो योजनाएं लोकार्पित करेंगे मुख्यमंत्री
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल 27 अक्तूबर 2020 को आईएमटी फरीदाबाद में दो प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे। इन परियोजनाओं में आईएमटी फरीदाबाद में हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के एकीकृत कार्यालय परिसर और फायर स्टेशन शामिल हैं।
निगम के प्रबंध निदेशक अनुराग अग्रवाल ने बताया कि आईएमटी फरीदाबाद कार्यालय परिसर 8351.85 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाया गया है, जिसमें 2112.72 वर्गमीटर फ्लोर एरिया है। यह कार्यालय भवन आईएमटी फरीदाबाद के उद्योगों के लिए उनके घर-द्वार पर सेवाएं लेकर आएगा, जिसकी कुल अनुमानित लागत 708.59 लाख रुपये है।
सभी औद्योगिक संपदाओं में अग्निशमन सेवाओं का प्रावधान करना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए एक फायर स्टेशन बनाया गया है, जिसे आईएमटी फरीदाबाद के उद्योगों को समर्पित किया जा रहा है। फायर स्टेशन को संचालन के लिए जिला प्रशासन फरीदाबाद को सौंप दिया जाएगा। इस फायर स्टेशन की पूंजी लागत लगभग 459.75 लाख रुपये है।
यह 1719 वर्गमीटर के फ्लोर एरिया के साथ 7080 वर्गमीटर के कुल क्षेत्र पर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि आईएमटी फरीदाबाद लगभग 1784 एकड़ क्षेत्र में फैला है, जो अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 44 किलोमीटर की दूरी पर दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर स्थित है।