चैत्र नवरात्र मेला: माता मनसा देवी मंदिर में जुटेंगे लाखों श्रद्धालु, सुरक्षा में तैनात होंगे एक हजार पुलिसकर्मी, बॉडी कैमरे लगाकर घूमेंगे
पुलिस विभाग के शरीर पर लगाए जाने वाले कैमरों का कंट्रोल रूम एसपी कार्यालय में रहेगा। उसकी निगरानी के लिए हर समय कर्मचारी तैनात रहेंगे और रिकॉर्डिंग भी कंप्यूटर में सेव होती रहेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चैत्र नवरात्र मेले के दौरान सुरक्षा को लेकर पंचकूला जिला पुलिस ने मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। सुरक्षा व्यवस्था में एक हजार पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी ध्यान रखेगी। इस बार खास बात यह है कि विशेष टीम के पुलिसकर्मी बॉडी कैमरों के साथ तैनात रहेंगे। इसके लिए पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा ने अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही उन्होंने आदेश जारी किया है कि अगर कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान कोताही बरतेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
माता मनसा देवी मंदिर में 2 से 10 अप्रैल तक चैत्र नवरात्र का मेला लगेगा। इस मेले में देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने आते हैं। इसलिए पुलिस विभाग ने वहां पर सुरक्षा के पूरे प्रबंध कर लिए हैं। मंदिर परिसर में जांच के लिए 15 नाके और मेटल डिटेक्टर भी लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की समस्याओं के समाधान के लिए मंदिर परिसर में सहायता केंद्र भी बना दिया गया है।
एसपी कार्यालय में रहेगा कैमरों का कंट्रोल रूम
पुलिस विभाग के शरीर पर लगाए जाने वाले कैमरों का कंट्रोल रूम एसपी कार्यालय में रहेगा। उसकी निगरानी के लिए हर समय कर्मचारी तैनात रहेंगे और रिकॉर्डिंग भी कंप्यूटर में सेव होती रहेगी। अगर कोई हादसा या दुर्घटना हो जाती है तो कैमरों की फुटेज खंगाली जा सकेगी।
तैनात रहेगा बम निरोधक दस्ता भी
मेले का बड़ा आयोजन होने के चलते पुलिस विभाग ने भी व्यापक स्तर पर तैयारी की है। मंदिर परिसर में बम निरोधक दस्ता भी हर समय तैनात रहेगा। इसके अलावा आपदा प्रबंधन टीम, आंसू गैस दस्ता, बस डिस्पोजल, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम हर समय मंदिर परिसर में तैनात रहेंगी।
किसी लावारिस वस्तु को न छुएं
चैत्र नवरात्र मेले के दौरान अगर श्रद्धालुओं को कोई परेशानी आती है तो वह सहायता केंद्र में संपर्क कर सकते हैं। सभी को हिदायत है कि किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं। पुलिस को उसकी सूचना दें। पुलिस टीम हर समय मंदिर परिसर में लोगों की मदद के लिए तैनात रहेगी। - मोहित हांडा, डीसीपी, पंचकूला