Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Palwal News ›   Mustard acreage shrinks; farmers disheartened by price levels

Palwal News: सरसों का रकबा घटा, भाव देख किसानों में मायूसी

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 27 Nov 2026 10:58 PM IST
विज्ञापन
Mustard acreage shrinks; farmers disheartened by price levels
अक्टूबर की बेमौसम बारिश से खेतों में नहीं हो सकी समय पर बोआई
विज्ञापन

मेवात की बैरानी सरसों और तेल की एनसीआर से यूपी-राजस्थान तक है मांग

शेरसिंह डागर
नूंह। सरसों का भाव 10 हजार रुपये प्रति क्विंटल का आंकड़ा पार कर रहे हैं, लेकिन मेवात के किसानों के चेहरे पर खुशी के बजाय मायूसी है। जिस फसल के अच्छे भाव देखकर किसान इस बार अधिक कमाई की उम्मीद लगाए बैठे थे, उसी फसल की बिजाई पर मौसम ने पानी फेर दिया। अक्तूबर में हुई बेमौसम बारिश और खेतों में लंबे समय तक बनी नमी के कारण अनेक किसान समय पर सरसों की बिजाई नहीं कर पाए। इसका असर अब जिले में सरसों के रकबे पर पड़ने की आशंका है। विडंबना यह है कि बाजार में सरसों के भाव किसानों को आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन जिन किसानों के खेत समय पर बिजाई के लिए तैयार नहीं हो पाए, उनके सामने अब फसल की पैदावार और आर्थिक नुकसान की चिंता खड़ी हो गई है।

नूंह जिला सरसों उत्पादन के लिहाज से हरियाणा के प्रमुख जिलों में शामिल है। कृषि विभाग के पूर्व आंकड़ों के अनुसार जिले में करीब 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सरसों की बिजाई होती रही है। वर्ष 2024 में कृषि विभाग के अनुसार जिले में लगभग 32 हजार हेक्टेयर में सरसों की खेती हुई। वहीं, 2025 में प्रकाशित एक रिपोर्ट में पिछले सीजन का रकबा करीब 30 हजार हेक्टेयर बताया गया था। इस बार अक्तूबर की बारिश के बाद वास्तविक बिजाई का आंकड़ा सामने आना बाकी है, लेकिन किसानों की मानें तो अनेक गांवों में बिजाई प्रभावित हुई है और ये आंकड़ा 10 से 15 प्रतिशत तक घटा है।
विज्ञापन


अधिक नमी से नहीं हो सकी बोआई

सरसों के बाजार भाव इस समय किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। 26 नवंबर के उपलब्ध राष्ट्रीय मंडी आंकड़ों में सरसों का औसत मॉडल भाव करीब 9 हजार रुपये प्रति क्विंटल रहा। वहीं, राजस्थान व हरियाणा की कई मंडी में 10,400 रुपये और दौसा की मंडावरी मंडी में 10,245 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव दर्ज किए गए। कुछ मंडियों में भी सरसों के भाव दस हजार रुपये के आसपास पहुंचे हैं। अच्छे भाव देखकर किसान इस बार सरसों की खेती से बेहतर आमदनी की उम्मीद लगाए हुए थे। लेकिन अक्टूबर में हुई बारिश ने खेतों की तैयारी प्रभावित कर दी। कई खेतों में पानी जमा होने और जमीन में अधिक नमी रहने से समय पर जुताई और बिजाई नहीं हो सकी। सरसों की बिजाई में देरी होने से अब किसानों को पैदावार घटने का डर सता रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मेवात की सरसों की अलग पहचान

मेवात की बैरानी जमीन में पैदा होने वाली सरसों की अपनी अलग पहचान है। क्षेत्र में सिंचाई के सीमित साधनों के कारण किसान ऐसी फसलों को प्राथमिकता देते हैं, जिनमें पानी और लागत कम लगे। सरसों इसी लिहाज से किसानों की प्रमुख नकदी फसल है। नगीना, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना, नूंह और तावडू क्षेत्र के अनेक गांवों में इसकी खेती होती है। मेवात की सरसों के दाने और इससे निकलने वाले तेल की मांग एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक रहती है। यही वजह है कि सरसों की फसल यहां किसानों की घरेलू अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बनी हुई है।
कोट
सरसों के भाव दस हजार रुपये के आसपास पहुंचना किसानों के लिए अच्छी खबर है लेकिन अक्टूबर की बारिश के कारण खेत समय पर तैयार नहीं हो सके। - सोकत
बिजाई का उपयुक्त समय निकलने के बाद बोई गई फसल से बेहतर उत्पादन की उम्मीद करना मुश्किल है। मौसम अनुकूल नहीं रहा तो दोहरी मार झेलना पड़ सकती है। - अहमद
सरसों किसानों के लिए कम लागत में अच्छी आमदनी देने वाली फसल है। इस बार रकबा घटा तो इसका असर सीधे किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा। - सुलेमान
किसान इस बार सरसों के अच्छे भाव देखकर अधिक क्षेत्र में बिजाई करना चाहते थे, लेकिन बारिश ने खेतों का पूरा गणित बिगाड़ दिया। पैदावार को लेकर चिंता बनी हुई है। - मो. फारुख


कोट
सरसों के कितने रकबे की बिजाई हुई है इसका सर्वे किया जा रहा है। जल्द वास्तविक आंकड़े आएंगे। बारिश के कारण आंकड़ा कुछ कम होता नजर आ रहा है। मेवात की बैरानी सरसों की धूम दूर-दूर तक है। किसान जहां सरसों नहीं बो पाए हैं वहां गेंहू व जौ की बिजाई करें। गेहूं की पछेती किस्म की बिजाई अभी हो सकती है। - डॉ. अजीत सिंह, एसडीओ, कृषि विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed