{"_id":"6a243df7d4da5654950b6c09","slug":"troubled-by-saline-water-villagers-lock-the-water-tank-narnol-news-c-203-1-mgh1004-127117-2026-06-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mahendragarh-Narnaul News: खारे पानी से त्रस्त ग्रामीणों ने जलघर पर जड़ा ताला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mahendragarh-Narnaul News: खारे पानी से त्रस्त ग्रामीणों ने जलघर पर जड़ा ताला
विज्ञापन
विज्ञापन
महेंद्रगढ़/सेहलंग। गांव नौताना में खराब पेयजल से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। लंबे समय से पानी की अनियमित आपूर्ति और खारे पानी की सप्लाई से नाराज ग्रामीणों ने गांव के जलघर पर ताला जड़कर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह 9 बजे से 11 बजे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले से ही पानी की किल्लत बनी हुई है, ऊपर से जो पानी मिल रहा है वह भी खारा है। लोगों का आरोप है कि शनिवार को जिन छह वाल्वों में पानी की सप्लाई होनी थी, उनमें से अंतिम वाल्व पर मात्र 10 मिनट तक ही पानी छोड़ा गया। इससे कई घरों तक पानी नहीं पहुंच पाया।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पेयजल वितरण के लिए 10 वाल्व लगाए गए हैं लेकिन पानी की आपूर्ति का समय और मात्रा दोनों ही अपर्याप्त हैं। उनका कहना है कि बालरोड़ नहर से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण बोरवेल का पानी सप्लाई किया जा रहा है जो पीने योग्य नहीं है।
विज्ञापन
सूचना मिलने पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता पवन कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग 15 दिनों के भीतर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।
इसके बाद ग्रामीणों ने जलघर का ताला खोलकर अपना आंदोलन समाप्त कर दिया लेकिन चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बॉक्स
नहर में पानी आने के बावजूद हमारी सप्लाई नहीं की जा रही। इसके बजाय बोरवेल का खारा पानी दिया जा रहा है जो पीने लायक नहीं है। हमें स्वच्छ और सुरक्षित पानी की तत्काल जरूरत है।
-हरिश, ग्रामीण
हमारे गांव में खारा पानी सप्लाई होने के कारण लोग पीने के लिए कैंपर मंगवा रहे हैं या निजी कुएं का सहारा ले रहे हैं। बाकी जरूरतों के लिए कुओं और टंकियों से पानी लाना पड़ता है। खारा पानी पीने लायक नहीं है।-माेनू, ग्रामीण
हमारे गांव में पेयजल के लिए दस वाल्व लगे हैं लेकिन पानी एक दिन छोड़कर केवल दस मिनट के लिए मिलता है। इससे जरूरत पूरी नहीं हो पा रही। गर्मी के मौसम में पानी की कमी और भी गंभीर हो रही है।-अमन, ग्रामीण
नहर में पानी आने के बाद भी पेयजल सप्लाई न देकर बोरवेल की दी जा रही है जबकि बोरवेल का पानी खारा व स्वच्छ नहीं है। इसके अलावा न ही पानी फिल्टर करके दिया जा रहा है। इस बारे में कर्मचारियों को कई बार कहा जा चुका है।
-आशु, ग्रामीण
वर्जन:
गांव नौताना में ग्रामीणों की पेयजल की समस्या को लेकर प्रदर्शन करने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणाें की समस्या को देखते हुए आवश्यक कदम उठाते हुए 15 दिन के भीतर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।-पवन कुमार, जेई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग