कनीना। स्थानीय पुलिस ने 30 जून की रात जान से मारने की नीयत से युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान मनीष उर्फ गोला, हितेश, अरुण उर्फ मोहित, योगेश उर्फ यशु, आशीष उर्फ लीला, दीपक निवासी कनीना और मंदीप उर्फ भोंदू निवासी सीहोर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को कनीना क्षेत्र से काबू किया। आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां हितेश, योगेश, आशीष उर्फ लीला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मनीष उर्फ गोला, अरुण उर्फ मोहित, दीपक, मंदीप उर्फ भोंदू को रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि गांव बवानियां निवासी अंकित ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया था कि गत 30 जून की रात उसने दोस्त दीपक उर्फ सोनू के साथ गांव में बैठकर शराब पी। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे दीपक के कहने पर कनीना चले गए। कनीना पहुंचने पर वे दोनों होली वाले मैदान के बाहर बैठ गए जहां दो बाइकों पर कुछ लड़के सवार होकर आए। उनके हाथों में पेट्रोल की दो बोतल भी थी, जिनमें से उन्होंने एक बोतल का पेट्रोल उसके ऊपर डालकर अचानक आग लगा दी। इसके बाद सभी मौके से भाग गए। अंकित ने बताया कि उनमें से वह मनीष उर्फ गोला को जानता है। शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद व अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस अधीक्षक ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने जांच करते हुए पता लगाया कि आपस में हुई कहासुनी को लेकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपितों में तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और चार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।