डीसी जगदीश शर्मा की अध्यक्षता में रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में राहगीरी का आयोजन किया गया। पुलिस विभाग द्वारा चोरी की रिपोर्ट लिखवाने पर नृत्य ने राहगीरी कार्यक्रम में जान डाल दी। वहीं बुजुर्ग ओमप्रकाश ने हट जा ताऊ पाछे ने के गाने पर नृत्य किया।
डीसी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों में नन्हे बाल कलाकारों द्वारा अपने तरीके से दिया गया संदेश मनमोहक तो होता ही हैं। दूसरी ओर आमजन को बचपन की याद भी दिला देता है। राहगीरी कार्यक्रम एक ऐसा मंच है जिसमें मनोरंजन स्फूर्ति और आगे बढ़ने का संदेश देने का क्रम चलता है। डीसी ने कहा कि आयु वर्ग के बंधन से मुक्त यह कार्यक्रम कुछ नया करने की प्रेरणा भी देता है। इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में विभिन्न खेलों का प्रदर्शन करने व उनमें नई ऊर्जा पैदा करने में सहायक होता है। उन्होंने आमजन से सरकार द्वारा शुरू किए गए इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। इस मौके पर खुशी व रवीना ने हरियाणवी गाने पर थिरकते हुए सभी का मन मोह लिया। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वच्छता पर नाटक व यदुवंशी स्कूल के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को चार चांद लगा दिए। डीपीई कृष्णा सोनी ने सड़क सुरक्षा व कृष्णा आर्य ने नशे के दुष्परिणामों पर संदेश दिया। बाल कलाकारों में परीक्षित यादव व निखिल ने गाने की प्रस्तुति व अनिकेत ने नृत्य कर वाहवाही लूटी। जहांवी गौड़ व वसुंधरा ने भी सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संदेश दिया। इसी प्रकार डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल द्वारा चक दे इंडिया नृत्य की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में रमेश सोनी ने भी देश भक्ति गीत प्रस्तुत किया। इस मौके पर डीएसपी विनोद कुमार, जिला खेल अधिकारी ज्योति रानी, नगर परिषद के ईओ अभय सिंह यादव, एडीआईओ हरीश, जिला बाल कल्याण अधिकारी विपिन शर्मा शिक्षा विभाग से रमेश सोनी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।