नारनौल। जिला जेल में शुक्रवार को एक बार फिर से चेकिंग के दौरान अलग-अलग बैरक से दो मोबाइल फोन मिले हैं। जेल पुलिस ने दोनों मोबाइल को कब्जे में लेकर महावीर चौकी पुलिस को सुपुर्द कर दिए। वहीं मामले की जांच कर मोबाइल प्रयोग करने वाले बंदियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पिछले डेढ़ महीने में जिला जेल से चार मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं।
जिला जेल अधीक्षक की तरफ महावीर चौकी पुलिस में दी गई शिकायत में बताया गया कि शुक्रवार दोपहर लगभग 12:15 बजे जेल उप अधीक्षक सरवर सिंह व उप सहायक राम मेहर की अगुवाई में गार्द ड्यूटी के वार्डर जिले सिंह, हेड वार्डर सतेंद्र, वार्डर चानसिंह, वार्डर कर्मजीत, वार्डर उदयभान, वार्डर राजेश के साथ ब्लॉक नंबर 1 के बैरक नंबर 4 की औचक तलाशी ली गई। इस दौरान बैरक के बाथरूम से एक सिल्वर रंग का मोबाइल फोन बैटरी सहित बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान मोबाइल फोन हवालाती बंदी महेश निवासी सुलेमान नगर नई दिल्ली ने प्रयोग करना स्वीकार किया। इसके बाद ब्लॉक नंबर 1 के बैरक नंबर 5 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैरक नंबर 5 के बाथरूम से एक और मोबाइल फोन बैटरी सहित बरामद हुआ। वहीं सिम कार्ड भी मिला। बंदी नितिन निवासी लहडोरा मेहताबपुरा जिला बदायूं उत्तर प्रदेश ने प्रयोग करना स्वीकारा है। इस प्रकार दोनों मोबाइल उक्त दोनों बंदियों द्वारा प्रयोग किए गए थे। शिकायत पर महावीर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।