कोरोना वायरस के संक्रमण ने देश में फिर से विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बिना मास्क के घर से बाहर निकलने वाले लोगों के खिलाफ प्रशासन ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अभियान में अब तक बिना मास्क के सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले करीब एक दर्जन लोगों के पुलिस ने चालान किए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर सार्वजनिक स्थान पर मास्क लगाना अनिवार्य किया हुआ है। मास्क नहीं लगाने और सार्वजनिक स्थान पर थूकने वालों के चालान काटे जा रहे हैं। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि एसपी चंद्र मोहन के निर्देश पर पुलिस बिना मास्क घर से निकलने वालों के चालान काट रही है। कनीना में शुक्रवार को एक दर्जन लोगों के चालान काटे गए। चालान काटने के बाद प्रत्येक व्यक्ति से 500 रुपए जुर्माना वसूला गया। अटेली टी प्वाइंट, कोसली टी प्वाइंट, बस स्टैंड के आस-पास की दुकानों पर बिना मास्क लगाए हुए व्यक्तियों के चालान किए गए। कोसली टी प्वाइंट पर ट्रक, बस इत्यादि में सवारी कर रहे जिन लोगों ने मास्क नहीं पहना हुआ था उनके भी चालान किए गए। सरकारी कार्यालयों में भी बिना मास्क वाले की एंट्री पूरी तरह बैन है। यह नियम अधिकारियों और कर्मचारियों सभी पर भी लागू है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि मास्क लगाने को लेकर सरकारी आदेश है। बिना मास्क के घूमने वालों का चालान जरूर कटेगा। यदि आप स्वस्थ रहना चाहते हैं तो मास्क लगाकर ही घर से निकलें। मास्क न लगाना और ऐसी लापरवाही कोरोना संक्रमण का शिकार बना सकती है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पुलिस भी आम जनता से मास्क लगाने का अनुरोध कर रही है। हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी जरूरी है।