नारनौल: टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ व फायरिंग करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, आठ तमंचे और दो पिस्टल और 15 कारतूस बरामद
आरोपियों के पास से आठ तमंचे और दो पिस्टल और 15 कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों पर हत्या का प्रयास, फिरौती मांगने, लड़ाई-झगड़े, मारपीट के दर्ज मामले हैं।
विस्तार
हरियाणा के नारनौल में सीआईए नारनौल की टीम ने गत दिनों नेशनल हाइवे नंबर-11 पर स्थित टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ व मारपीट कर फायरिंग करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आठ तमंचे और दो पिस्टल और 15 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। आरोपियों पर पहले से हत्या के प्रयास, फिरौती मांगने, लड़ाई-झगड़े, मारपीट करने आदि के मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि सीआईए नारनौल की टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक अवैध हथियार लिए खड़े हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर सीआईए नारनौल ने रेडिंग टीम तैयार कर बताए हुए स्थान पर रेड की और चार युवकों को अवैध हथियारों के साथ काबू किया।
टीम द्वारा युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से 10 अवैध हथियार और 15 कारतूस बरामद किए। सीआईए की टीम ने अवैध हथियारों को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ थाना अटेली में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों की पहचान संजय उर्फ संजीव निवासी सैदपुर, राहुल उर्फ जूनियर निवासी सैदपुर, विपिन निवासी नीरपुर अटेली और रविंद्र उर्फ रवि निवासी बेगपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ में पता लगाया कि आठ और नौ मई की रात उन्होंने नेशनल हाइवे नंबर 11 पर स्थित टोल प्लाजा पर तोड़फोड़, टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट और ताबड़तोड़ गोलियां चलाने की वारदात को अंजाम दिया था। इसमें एक टोल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया था। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी अपराधिक प्रवृत्ति के हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपी संजय उर्फ संजीव पर हत्या का प्रयास, फिरौती मांगने, लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट के तहत करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी रविंद्र उर्फ रवि पर भी हत्या का प्रयास, फिरौती मांगने, लड़ाई-झगड़े, एक्साइज एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत करीब 8 मामले दर्ज हैं। इसी प्रकार आरोपी राहुल उर्फ जूनियर पर फिरौती मांगने, लड़ाई-झगड़े और आरोपित विपिन पर चोरी के मामले दर्ज हैं।
विकास गैंग के नाम से फैला रहे थे दहशत
पुलिस ने पूछताछ में पता लगाया कि आरोपियों ने विकास गैंग के नाम एक गिरोह बनाया हुआ है। जिसका मुखिया अटेली निवासी विकास है। जबकि 20-25 अन्य युवा इस गैंग में शामिल हैं। बदमाश क्षेत्र में दशहत फैलाने के लिए वारदात को अंजाम देते थे। गत दिनों आरोपियों ने काठूवास स्थित टोल प्लाजा पर तोड़फोड़, कर्मचारी से मारपीट करने व फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया है। जिले में किसी भी रूप में कानून व्यवस्था नहीं बिगड़ने दी जाएगी। पकड़े गए आरोपियों के पास से दस अवैध हथियार व 15 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान गैंग के अन्य लोगों के बारे में पता लगाया जाएगा। -विक्रांत भूषण, जिला पुलिस अधीक्षक नारनौल।