महेंद्रगढ़: पुलिस ने अवैध खनन करने वालों के खिलाफ चलाया अभियान, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद
पुलिस ने विभिन्न स्थानों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की। विस्फोटक सामग्री रखने पर मामला दर्ज कर कई लोगों को गिरफ्तार भी किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के महेंद्रगढ़-नारनौल जिले में पुलिस ने अवैध खनन करने वाले माफियाओं के खिलाफ रविवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ व अन्य सामान जब्त किया गया। वहीं विस्फोटक सामग्री रखने पर मामला दर्ज करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर और लोग भी गिरफ्तार हो सकते हैं।
बता दें कि गत दिनों जैनपुर में पहाड़ी पर अवैध खनन कार्य करते समय चट्टान का हिस्सा धंसने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। वहीं 2-3 अन्य घायल भी हो गए थे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने एसडीएम मनोज कुमार को मौके पर भेजकर उक्त मामले की रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे।
एसडीएम को पहाड़ी पर अवैध खनन के साथ-साथ विस्फोटक सामग्री सहित अन्य सामान सामान बरामद हुआ था। इस पर पुलिस ने 5-6 लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है। वहीं पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन ने भी अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों की पालना में रविवार को जिला पुलिस ने जिले में अलग-अलग करीब 100 संदिग्ध स्थानों पर छापा मारते हुए अवैध खनन के लिए प्रयोग किए जाने वाले विस्फोटक पदार्थ और अन्य सामान बरामद किया है।
इस दौरान अवैध खनन और अवैध विस्फोटक पदार्थ रखने वालों पर कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों ने 250 कर्मचारियों के साथ महेंद्रगढ़, सतनाली, नारनौल और नांगल चौधरी क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ छापे मारे। इस दौरान पुलिस ने जिलेभर में अलग-अलग स्थानों से विस्फोटक पदार्थ और अन्य सामान बरामद कर 10 मामले दर्ज कर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जिसके बाद और गिरफ्तारी भी हो सकती है।
भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद
छापे के दौरान पुलिस ने सतनाली क्षेत्र के 5 स्थानों से खनन में प्रयोग किए जाने वाला विस्फोटक पदार्थ जैसे बारूद, डेटोनेटर और अन्य सामान बरामद करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं नांगल चौधरी क्षेत्र में 5 स्थानों से खनन में प्रयोग किया जाने वाला विस्फोटक पदार्थ बारूद, डेटोनेटर, बारूद पाइप, वायर और खनन में प्रयोग किया जाने वाला अन्य सामान बरामद किया। इसके अलावा 1 पिस्टल और 2 कारतूस भी बरामद किए है। वहीं नारनौल क्षेत्र से खनन में प्रयोग किए जाने वाले दो कंप्रेशर भी बरामद किए है।
जिले में कई वर्षों से चल रहा अवैध खनन का कार्य
जिले में अवैध खनन का कार्य कई वर्षों से चल रहा है। विभागीय अधिकारियों द्वारा इन खनन माफियाओं के खिलाफ कई बार कार्रवाई भी की गई है, लेकिन माफिया अवैध खनन कर सरकार को राजस्व का चुना लगाने से पीछे नहीं हट रहे हैं। खनन माफिया का नेटवर्क काफी दूर तक फैला हुआ है। जिसे तोड़ने के लिए प्रशासन को काफी मेहनत के साथ-साथ ईमानदारी भी दिखानी होगी, क्योंकि यह कार्य बिना विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत के खनन माफियाओं के लिए करना आसान नहीं है।
अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। अभियान के तहत रविवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर छापे मारकर खनन में प्रयोग की जाने वाली विस्फोटक सामग्री सहित अन्य सामान बरामद किया है। विस्फोटक सामग्री रखने पर मामला दर्ज कर कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। - चंद्रमोहन, पुलिस अधीक्षक नारनौल।