एक लाख रिश्वत लेता जेल वार्डन गिरफ्तार: उम्र कैद की सजा काट रहे दोषी को सुविधा दिए जाने के नाम पर मांगे थे रुपये
दो अन्य वार्डनों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि उम्र कैद की सजा काट रहे कैदी को सुविधा दिए जाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा की स्टेट विजिलेंस नूंह की टीम ने नारनौल जेल के वार्डन को एक लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। पकड़े जाने पर आरोपी ने दूसरे जेल वार्डन का नाम बताया। इस मामले में टीम ने दो अन्य जेल वार्डन को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी हाल ही में रेवाड़ी जेल से अस्थायी तौर पर स्थानांतरित होकर नारनौल की नसीबपुर जेल में आया था। यह राशि गैंगस्टर पपला के साथी संदीप के भाई से ली गई थी।
सूत्रों लगी जानकारी के अनुसार गैंगेस्टर विक्रम उर्फ पपला का साथी संदीप सिंधिया निवासी गांव मौखूता जिला जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। आरोपी राजन उसे प्रताड़िता करता था। जेल वार्डन ने चक्की से बचने, मोबाइल व अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की थी। कैदी के छोटे भाई हंसराज ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन से शिकायत की थी।
पुलिस अधीक्षक ने वार्डन को रंगे हाथों पकड़वाने के लिए मुख्यालय से संपर्क किया। इस दौरान इंस्पेक्टर अजीत सिंह के नेतृत्व में नूंह विजिलेंस ने एक टीम गठित की। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से 500-500 रुपये के नोटों की दो गड्डियों (एक लाख रुपये) पर लाल पाउडर लगाकर हंसराज को दे दिया। हंसराज ने नसीबपुर जेल का दरवाजा खुलवाकर मुख्य द्वार पर तैनात राजन नामक जेल वार्डन को यह राशि दे दी।
जैसे ही यह राशि जेल वार्डन ने ली तो विजिलेंस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। राजन ने विजिलेंस टीम को बताया कि उक्त राशि उसने गजे सिंह वार्डन के कहने पर ली है। टीम ने गजे सिंह को जेल से ही काबू कर लिया है। इसके बाद जेल वार्डन विवेक का नाम भी सामने आया। टीम ने उसे भी काबू कर लिया। हालांकि टीम ने गिरफ्तारी की पुष्टि केवल राजन की ही की है। दोनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। समाचार लिखे जाने तक राजन को न्यायालय में पेश नहीं किया गया है।
महेंद्रगढ़ कोर्ट में चलाई थी संदीप ने गोलियां
बता दें कि 2017 में पपला गुर्जर को महेंद्रगढ़ के न्यायालय के सामने कुछ लोगों ने पुलिस पर हमला कर उसे छुड़ा लिया था, उस मामले में संदीप भी शामिल था। संदीप को उक्त मामले में दो साल पूर्व उम्रकैद की सजा हुई है। सजा भुगत रहे संदीप को जेल में तरह-तरह से परेशान किया जा रहा था। उसे परेशान नहीं करने के लिए उससे एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
हमने रंगे हाथों जेल वार्डन राजन को गिरफ्तार किया है। इस मामले में जेल वार्डन गजे सिंह एवं विवेक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। -इंस्पेक्टर अजीत सिंह, टीम लीडर, विजिलेंस।