नारनौल: युवक का अपहरण कर मारपीट करने वाले पांच आरोपियों को सीआईए ने दबोचा, अवैध हथियार बरामद
प्रेसवार्ता में डीएसपी ने बताया कि आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों से चार अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के नारनौल में सीआईए नारनौल की टीम ने अटेली क्षेत्र में लाठी-डंडों और पिस्टल के बल पर युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुजीत उर्फ फोजी वासी माजरा थाना खोल रेवाड़ी, लोकेश वासी सिरोही बहाली, जितेंद्र वासी नांधा थाना खोल रेवाड़ी, अमित उर्फ गबरू वासी मोहनपुर नांगल चौधरी और अमित उर्फ सोनू वासी सुराणी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों से चार अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
डीएसपी नरेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के बारे में खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बेगपुर गांव के रहने वाले प्रवीण ने थाना अटेली में शिकायत दर्ज कराई कि वह बाजार में किसी काम से जा रहा था। जब उनिंदा मोड़ अटेली पहुंचा तो वह अपने दोस्त के साथ बातचीत करने लगा। इतनी देर में दो गाड़ियां आईं जिनमें से कुछ व्यक्ति उतरे।
इनके हाथों में लाठी-डंडे थे और फोजी माजरा और सोनू सुराणी के हाथ में पिस्टल थी। जो शिकायतकर्ता को मारने के लिए उसकी तरफ दौड़े। शिकायतकर्ता बचने के लिए एक घर में घुस गया। आरोपियों ने घर में घुसकर शिकायतकर्ता को पिस्टल के बल पर उठा ले गए। गाड़ी में उसके साथ मारपीट करते हुए उसका सामान छीन लिया। किसान नगर के पास फेंक कर चले गए। शिकायत के आधार पर थाना अटेली में मामला दर्ज किया गया।
मामले को संज्ञान ने लेते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने सभी थाना प्रबंधकों और सीआईए को निर्देश दिए कि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईए नारनौल की पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से वारदात को अंजाम देने शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों से 4 अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं।
देवा गैंग के सदस्य हैं आरोपी
पूछताछ में पुलिस ने पता लगाया कि आरोपियों ने आपसी लड़ाई-झगड़े के चलते वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने पता लगाया कि गिरफ्तार आरोपी देवा गैंग से हैं, जिन पर पहले भी काफी मामले दर्ज हैं। पुलिस ने पता लगाया कि आरोपियों पर हत्या का प्रयास, लूट, फिरौती मांगने, अपहरण और आर्म्स एक्ट के तहत काफी मामले दर्ज हैं। आरोपियों को आज न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।