माधोगढ़ चौकी की पुलिस टीम ने अवैध खनन के मामले में एक ओर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोलंकिया की ढाणी मेहड़ा थाना खेतड़ी झुंझुनूं निवासी ओमप्रकाश उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। आरोपी अवैध खनन करने वालों को विस्फोटक पदार्थ सप्लाई करने का काम करता था। गिरफ्तार आरोपी अवैध रूप से जयपुर से कम दाम में विस्फोटक पदार्थ लाकर अवैध खनन करने वालों को महंगे दामों पर बेचता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हरियाणा रेवाड़ी के निरीक्षक सूबे सिंह ने सतनाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हरियाणा रेवाड़ी और गुप्तचर विभाग नारनौल की टीम को जेरपूर की पहाड़ी पर अवैध खनन के संबंध में गुप्त सूचना मिली, इन पहाड़ों में खनन पर न्यायालय द्वारा प्रतिबंध लगाया हुआ है। टीम ने इस सूचना पर बताए हुए स्थान पर छापा मारा और पाया कि अवैध रूप से खनन कर पहाड़ी से पत्थरों की चोरी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जाया जा रहा है जो ट्रैक्टर चालक टीम को देखकर ट्रॉली खाली कर भाग गए। टीम ने मौके से खनन करने वाले औजार, विस्फोटक पदार्थ और अन्य सामान बरामद किया। मामले में कार्रवाई करते हुए माधोगढ़ चौकी की पुलिस टीम द्वारा अवैध खनन करने वाले दो आरोपी को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने मामले में बुधवार को तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के लिए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।