बैंक बंद, एटीएम बूथ के भी रहे शटर डाउन
नोटबंदी के चलते जहां पहली बार बैंकों की तीन दिनों से छुट्टी से स्थिति बिगड़ गई, वहीं बाबैन में एटीएम बूथ भी बंद होने पर लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। बैंक बंद होने पर एटीएम से ही कैश मिलने की आस थी, लेकिन एटीएम बूथ बंद होने से लोगों को हताशा हाथ लगी और वे बिना कैश के ही वापस लौटने को मजबूर हुए। क्षेत्रवासी बलिहार सिंह, जयपाल पांचाल, अनिल मरचेहड़ी, सतबीर रामपुरा, जगतार गुहण, तरसेम संघौर, रजत दुहण, मुकेश दुहण, जयपाल बिंट, हरिकेश सैनी, श्यामलाल दिल्लीमाजरा, रामपाल सैनी तथा दीपक मोरथला ने कहा कि तीन दिन से बैंक तो बंद है ही, साथ ही एटीएम बंद होने से इसका भी कोई फायदा नहीं मिल रहा। लोगों का कहना था कि भविष्य में बेशक इस नोटबंदी का कोई फायदा मिले, लेकिन फिलहाल स्थिति बेहद गंभीर है।
लोग परेशानी के दौर से गुजर रहे हैं, जबकि सरकार कह रही है सब ठीक है, कैश की कोई कमी नहीं। आमजन दो हजार के लिए भी घंटों लाइन में खड़ा रहता है, पर वो भी नहीं मिल रहे। कभी कैश खत्म, कभी बैंक बंद तो कभी एटीएम बूथ का शटर डाउन। बाबैन मेें एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई, एचडीएफसी, एसबीआई, एसबीपी, केनरा बैंक के एटीएम बूथ लगे हुए हैं, लेकिन किसी भी एटीएम बूथ से कैश न मिलने पर लोगों को मायूस ही वापस लौटना पड़ा। लाडवा हलका विधायक डॉ. पवन सैनी ने कहा कि कुछ समय की दिक्कतों के बाद इसके बेहतर परिणाम उजागर होंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश को कैशलेस बनाने के लिए सभी को सहयोग करना चाहिए।