पीएम मोदी का हरियाणा दौरा: जोरों-शोरों से चल रही तैयारियां, 170 एकड़ में होगा कार्यक्रम, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों के चलते करीब 170 एकड़ खेत मैदान के रूप में दिखाई देने लगे हैं। दर्जनों मशीनों के जरिए इन्हें समतल कर दिया गया है। यहां तक कि बिजली की लाइनें भी हटाई जा रही हैं।
विस्तार
श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर ज्योतिसर तीर्थ के समीप 25 नवंबर को होने वाले समागम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के चलते व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जिला प्रशासन से लेकर हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी व प्रदेश सरकार की ओर से करीब 170 एकड़ एरिया में यह आयोजन बेहद खास रूप में मनाए जाने की योजना है। इसी दृष्टि से ही तैयारियां भी की जा रही हैं। राजस्थान से लेकर उत्तरप्रदेश तक के सैंकड़ों श्रमिक व कारीगर दिन-रात एक किए हुए हैं। जहां धान कटाई के बाद ज्योतिसर व इंदबड़ी गांव के दर्जनों किसानों की इस जमीन पर 200 बाई 700 मीटर के मुख्य पंडाल के अलावा 30 बाई 60 मीटर में गुरु तेग बहादुर व उनके परिवार के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी, 100 बाई 200 मीटर में वीआईपी लॉज, 40 एकड़ में पार्किंग से लेकर, तीन हेलिपेड, दो लंगर हॉल के अलावा वीवीआईपी लॉज तक तैयार किए जा रहे हैं।
किसानों की बल्ले-बल्ले भी, चिंता में भी डूबे
धान कटाई के साथ ही कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने यह जमीन किराए पर ले ली है, जिसकी एवज में 61 हजार रुपये प्रति एकड़ दिया जाना तय किया गया है। बताया जा रहा है कि 25 नवंबर से पहले किसानों को तय रकम जारी कर दी जाएगी। ऐसे में जहां किसानों की बल्ले-बल्ले है वहीं वे चिंता में भी डूबे दिखाई देने लगे हैं। किसानों का कहना है कि वे कार्यक्रम के बाद दूसरी फसल कर पाएंगे, जिससे दोहरा फायदा होगा लेकिन दोबारा से खेत को उसी रूप में तैयार करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा।
10 फीट ऊंचे स्टेज पर सजेगा गुरू ग्रंथ साहिब
मुख्य पंडाल में ही 10 फीट ऊंचे स्टेज पर गुरु ग्रंथ साहिब सजाया जाएगा। मुख्य मंच के एक ओर प्रदेश भर के मंत्री व अन्य वीआईपी के बैठने के लिए मंच बनाया जाएगा तो वहीं दूसरी ओर एचएसजीएमसी के सभी 49 सदस्यों के लिए मंच तैयार किया जाएगा। यहां अन्य सिख नेता व वीआईपी भी बैठ सकते हैं। सभी तैयारी पीएमओ के दिशा-निर्देशानुसार की जा रही है।
1200 सिख सुरक्षाकर्मी संभालेंगे कमान
कार्यक्रम में प्रदेश प्रदेश से लाखों की संख्या में संगत पहुंचने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में कोई बेअदबी न हो, इसके लिए सरकार की ओर से ही करीब 1200 सिख सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। यहीं नहीं एचएसजीएमसी की ओर से भी करीब 500 कर्मियों को तैनात किया जाएगा। ये सभी कर्मी मुख्य पंडाल के अलावा, जोड़ा घर व पार्किंग एरिया में भी तैनात रहेंगे।
पहले कीर्तन होगा फिर पीएम का संबोधन
अभी तक तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्य पंडाल में पहले पटियाला से 350 बच्चे कीर्तन करेंगे तो इसी दौरान गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश होगा। इसके बाद ही प्रधानमंत्री संबोधन करेंगे।
हटाई जा रही बिजली लाइनें, मैदान के रूप में दिखने लगे खेत
कार्यक्रम की तैयारियों के चलते करीब 170 एकड़ खेत मैदान के रूप में दिखाई देने लगे हैं। दर्जनों मशीनों के जरिए इन्हें समतल कर दिया गया है। यहां तक कि बिजली की लाइनें भी हटाई जा रही हैं। करीब 40 बिजली के खंभे भी शिफ्ट किए जाने का कार्य किया जाने लगा है। यहीं नहीं कईं एकड़ खेत में खड़ी गन्ने की फसल की कटाई करने की भी चर्चा की जाने लगी है। इस मौके पर मौजूद किसानों ने बताया कि पहले यह कार्यक्रम 145 एकड़ तक करना था लेकिन बाद में विस्तार किया गया। अब कुछ एकड़ गन्ने की फसल की कटाई की भी तैयारी है। इसी के आसपास ही हेलिपैड बनाए जाने हैं। किसानों का कहना है कि खेतों की सीमा भी खत्म हो चुकी है। फिलहाल यह कोई नहीं बता पाएगा कि किसका खेत कहां है। ऐसे में बाद में चिह्नित करना भी आसान नहीं होगा।
पांचों अकाल तख्त को दिया गया न्योता : झींडा
एचएसजीएमसी प्रधान जगदीश सिंह झींडा का कहना है कि सभी अकाल तख्तों अमृतसर साहिब, दमदमा साहिब, पटना साहिब, आनंदपुर साहिब, हरमिंद्र साहिब व नांदेड़ साहिब के जत्थेदारों को भी न्योता दिया गया है। कमेटी की प्रशासन के साथ लगातार बैठक चल रही है तो मंगलवार को भी आयोजन स्थल का डीसी व एसपी के साथ जायजा लिया था।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.