मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को वीडियो कॉंफ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त और पूर्व सैनिक तथा पेंशनरों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जो पूर्व सैनिक और पेंशनर है, वे लोग स्वयंसेवक के तौर पर निस्वार्थ व समर्पण भाव से समाज की सेवा करने के इच्छुक है, वे अपने आपको हरियाणा सरकार द्वारा शुरू किए गए समर्पण हरियाणा.जीओवी.इन पोर्टल पर पंजीकृत कराएं। इस पोर्टल पर जो भी पूर्व सैनिक व पैंशनर पंजीकरण कराएगा, उसे संबंधित जिला प्रशासन द्वारा बुलाया जाएगा और प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों का लोगों को और अधिक लाभ कैसे मिल सके। इस दौरान हरियाणा पेंशनर वेलफेयर सोसायटी ने उपायुक्त मुकुल कुमार के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सरकार पेंशनरों की मांगों की अनदेखी कर रही है। सोसायटी के राज्य संरक्षक नवल किशोर ने कहा कि सरकार 65, 70 व 75 की आयु पर 5, 10 व 15 प्रतिशत पेंशन को बढ़ाए तथा फैमिली पेंशनर्स को एलटीसी दिया जाए। उन्होंने कहा कि वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए। कैशलेस मेडिकल नीति को जल्द लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि डीए की किस्त देने के साथ-साथ एक जनवरी 2006 से 20 वर्ष सेवा का लाभ दिया जाए।
कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा पूर्व सैनिकों और पेंशनरों के लिए समर्पण पोर्टल शुरू किया गया है, इस पर इच्छुक व्यक्ति अधिक से अधिक पंजीकृत कराएं।