कुरुक्षेत्र। प्रेरणा वृद्धाश्रम के डॉ. रामस्वरूप सभागार में हरियाणा कला परिषद तथा प्रेरणा संस्था के सहयोग से निनाद कथिक नृत्यशाला द्वारा हरियाणवी तथा कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में पहली प्रस्तुति सन्नी कुमार द्वारा गणेश वंदना की दी गई, जिसमें कत्थक के माध्यम से कलाकारों ने भगवान गणेश की स्तुति की।
इसके बाद अंकित, विशाल, राहुल आदि कलाकारों द्वारा हरियाणवी नृत्य धमाल प्रस्तुत किया गया। एक के बाद एक मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मेरा दामण सिमादे हो, ओ नंदी के बीरा, मेरे पाछे पाछे आवण का भला कुण सा मतलब तेरा सै आदि गीतों के माध्यम से कलाकारों ने कार्यक्रम को चार चांद लगाए। प्रस्तुति देने वाले कलाकारों में अभिमन्यु सिंगला, कोमल, ज्योति रानी, आयुषी, सुमन, आरुषि, लक्ष्मी, पंकज, सुभाष आदि शामिल रहे। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से विनोद, वाईसीओ सुशील कुमार, हरिकेश पपोसा तथा प्रेरणा संस्था के अध्यक्ष जय भगवान सिंगला तथा रेणू खुग्गर उपस्थित रहे। मंच का संचालन हरिकेश पपोसा ने किया।