कुरुक्षेत्र। जिले के सरकारी कार्यालय सीएम फ्लाइंग टीम के निशाने पर है। इस महीने के पहले तीन सप्ताह के दौरान टीम तीन विभाग के सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर चुकी है। हालांकि टीम के अधिकारी इस निरीक्षण को रुटीन जांच बता रहे हैं। शुक्रवार को टीम ने सुबह साढ़े नौ बजे हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण एचएसवीपी सेक्टर-चार के कार्यालय में दबिश दी। टीम आते ही कार्यालय में हाजिरी रजिस्टर, कार्यालय, योजना व विकास से संबंधित रिकॉर्ड कब्जे में लिया।
प्रभारी राजवीर सिंह की अगुवाई में हुई कार्रवाई में कार्यालय के 17 में से दो कर्मी छुट्टी पर थे, जबकि अन्य कर्मी व अधिकारी कार्यालय के काम से अन्य कार्यालय में गए हुए थे। सिविल विभाग के विकास कार्य के लिए 11 में से चार टेंडर पूर्ण तथा बकाया प्रक्रिया में थे। विभाग द्वारा कोई भी टेंडर ऑफलाइन नहीं दिया गया। बागवानी में 62 में से सिर्फ दो टेंडर प्रक्रिया में थे। वहीं इलेक्ट्रिकल विभाग में सिर्फ एक कर्मी मौजूद मिला, जबकि अन्य हाजिर नहीं थे। यहां टेंडर से संबंधित कोई भी रिकॉर्ड प्राप्त नहीं हो हुआ। विभाग के मुताबिक उसके पास कुल 560 सीएम विंडो की शिकायत मिली, जिसमें 125 शिकायतें लंबित होनी पाई गई। इसमें भी 123 शिकायत ओवरड्यू मिली। इसी तरह जन संवाद से संबंधित 12 में से नौ शिकायतें भी ओवरड्यू पाई गई।