कुरुक्षेत्र। जिले के शेख चेहली मकबरे के पास सुबह करीब नौ बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में शाहाबाद के कलसाना गांव निवासी नरेश कुमार (38) और उनका सात वर्षीय पुत्र भविष्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक का टायर नरेश की टांग पर से गुजर गया जिससे उनकी टांग कई जगह से टूट गई और सिर्फ मांस पर टिकी रही। नरेश को अन्य जगहों पर भी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं भविष्य की टांग, बाजू और शरीर पर चोटें लगी हैं।
नरेश अपने बेटे के साथ शहर किसी काम से आया था। मकबरे के पास पहुंचते ही अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोग तुरंत दौड़े और घायलों को लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने नाजुक हालत देखते हुए दोनों को शाहाबाद निजी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है। नरेश की हालत ज्यादा चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा। थाना कृष्णा गेट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायलों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है और आगे की कार्रवाई बयानों के आधार पर होगी।