नियम 134-ए की बदली शर्तों ने राजकीय स्कूलों के छुड़वाए पसीने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में शिक्षा नियम 134-ए के तहत निजी स्कूलों में होने वाले दाखिलों पर लागू हुई नई शर्तों ने अभिभावकों के साथ राजकीय स्कूलों की परेशानियां भी बढ़ा दी हैं। इस बार नए शिक्षा सत्र में 134-ए के तहत होने वाले दाखिलों के लिए आवेदन आरक्षित सीटों से कई गुना अधिक मिले हैं। विभाग द्वारा इस बार दाखिले मेरिट आधार पर देने का निर्णय लिया है। इसके लिए विभाग प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट रखा है। जो एक मई को प्रदेश भर में आयोजित होना है। विभाग द्वारा इस परीक्षा को लेकर शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
वहीं, दूसरी ओर राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए पिछले चार माह की मासिक परीक्षाओं में अर्जित अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार करने का फैसला लिया है। विभाग के इस फैसले ने अभिभावकों के राजकीय स्कूलों के भी पसीने छुड़वा दिए हैं। दाखिले के मेरिट आधार पर होने से जहां अभिभावकों का सपना टूटता नजर आ रहा है, वहीं राजकीय स्कूलों से मेधावी छात्रों के प्राइवेट स्कूलों में जाने से उन अध्यापकों को अपने स्कूलों का परीक्षा परिणामों का भय सताने लगा है।
पहले से ही शिक्षा गुणवत्ता पर उठते रहे हैं सवाल
प्रदेश के राजकीय स्कूल पहले ही शिक्षा गुणवत्ता के मामले में साल दर साल पिछड़ते जा रहे हैं। जिसके चलते प्रदेश के दर्जनों स्कूल हर वर्ष बच्चों की कमी की वजह से बंद हो रहे हैं। इसी वजह से लोगों का भी इन स्कूलों से मोह भंग हो गया है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जागरूकता के अभाव के बावजूद प्रदेश में इस बार 134-ए की आरक्षित सीटों के मुकाबले कई गुना अधिक आवेदन मिले हैं। विभाग द्वारा आरक्षित सीटों पर मेधावी छात्रों को लाभ पहुंचाने के लिए मेरिट आधार पर दाखिला देने का निर्णय लिया है।
134-ए के दाखिलों के लिए एक मई को होगी परीक्षा
शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा नियम 134-ए के तहत होने वाले दाखिलों के एक मई को होने वाले स्क्रीनिंग टेस्ट का शेड्यूल जारी किया है। जिन बच्चों ने 2015-16 के सत्र में प्राइवेट स्कूलों से शिक्षा ग्रहण की है, उन बच्चों को यह स्क्रीनिंग टेस्ट देना होगा। विभाग द्वारा परीक्षा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। अभिभावक वीरवार को दोपहर बाद बीईओ कार्यालय से रोल नंबर प्राप्त कर सकेंगे। बीईओ सपना जैन ने बताया कि परीक्षा शेड्यूल के मुताबिक करनाल ब्लॉक के दूसरी कक्षा के छात्रों के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला प्रेमनगर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
तीसरी कक्षा के लिए राजकीय उच्च विद्यालय प्रेमनगर, चौथी कक्षा के लिए राजकीय वरिष्ठ उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रेमनगर, पांचवीं कक्षा के लिए राजकीय वरिष्ठ उच्च माध्यमिक विद्यालय मॉडल टॉउन, छठी कक्षा के लिए राजकीय वरिष्ठ उच्च विद्यालय अर्बन स्टेट, सातवीं कक्षा के लिए एसडी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेलवे रोड, आठवीं कक्षा के लिए विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेलवे रोड, दसवीं कक्षा के लिए जैन गर्ल्स हाईस्कूल रेलवे रोड़ व बारहवीं कक्षा के लिए एसबीएस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेलवे रोड निर्धारित किया गया है। परीक्षा का समय सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा में प्रश्न पत्र का प्रारूप कैसा होगा विभाग द्वारा अभी तक इस बारे में कोई भी गाइड लाइन जारी नहीं की गई है।
वर्जन
शिक्षा नियम 134-ए के तहत एक मई को होने वाली परीक्षा का शेड्यूल और कक्षानुसार परीक्षा केंद्र की सूची जारी कर दी गई है। अभिभावक वीरवार को दोपहर बाद बीईओ कार्यालय से रोल नंबर भी प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा का समय नौ बजे से दोपहर 12 बजे रहेगा।
- सरोजबाला गुर, जिला मौलिक शिक्षाधिकारी करनाल।