चैत्र नवरात्र के आठवें दिन श्रद्धालुओं ने मां महागौरी की पूजा अर्चना की। महिलाओं ने घर में हलवा, पूरी और चने का प्रसाद बनाकर मंदिर में चढ़ाया और घर में कन्याओं को भोजन, दान व फल देकर पूजा की। कई लोगों ने इस बार कोरोना को ध्यान में रखकर कन्याओं को मास्क और सैनिटाइजर भेंट किए। उन्हें आह्वान किया कि वे कोरोना के प्रति सावधान रहें।
नगर में दुर्गाष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने मां के बाल रूप की पूजा के बाद बड़ी श्रद्धा से कंजकों के पांव धोकर भोजन करवाया। लोगों में कंजका पूजन की होड़ लगी थी। बाला, माया, किरन, आरती, पूजा, कृष्णा सहित अन्य महिलाओं का कहना है कि पूजा के लिए बेटियां चाहिए तो समाज से कन्या भ्रूण हत्या का कलंक पूरी तरह से हटाना होगा और महिलाओं का सम्मान करना होगा। तभी स्वस्थ, नैतिकता व आध्यात्मिकता से परिपूर्ण समाज की कल्पना की जा सकती है। इस अवसर पर कन्या रिया, खुशी, वंसिका, जानवी, ज्योति, आशी, काजल, आशिया व रेनू मौजूद रही।