राजौंद। राजौंद नगर पालिका कार्यालय के साथ-साथ पेक्स वार्ड नंबर तीन व चार मंडवाल रोड को जाने वाली गली में भरे कीचड़ से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। आलम यह है कि इस गली से कोई पैदल भी नहीं गुजर सकता।
वार्ड निवासी विशाल, विनोद, कुशल, श्याम, सुंदर ने बताया कि पिछले दिनों सीवरेज की पाइपलाइन दबाने के बाद इसकी स्थिति और भी बद से बदतर हो गई है। लोगों ने बताया कि पूरे नगर की गलियों को संबंधित विभाग द्वारा सीवरेज की पाइपलाइन दबाने के लिए उखाड़ कर रख दिया है। किसी भी गली को ठीक नहीं किया जा रहा, जिससे गलियों से पैदल गुजरना भी मुश्किल होकर रह गया है। उन्होंने बताया कि इस गली से सुबह स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को बहुत परेशानी झेलनी पड़ती है। खासकर लड़कियों को बहुत मुश्किल होती है, क्योंकि गली में कोई भी रास्ता निकालने के लिए नहीं बचा है। लोगों ने बताया कि गली में पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की। जिससे हर समय गली में कीचड़ युक्त गंदा पानी भरा रहता है। कीचड़ के कारण हर कोई परेशान है। लोगों ने प्रशासन से मांग कि है की यहां पानी निकासी की व्यवस्था की जाए और गली को बनवाया जाए। संवाद