कलायत। प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि 17 मई को जिला अंबाला के शहजादपुर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। समारोह में महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान की गौरवगाथा का स्मरण किया जाएगा। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया जाएगा। कृषि मंत्री बृहस्पतिवार को कलायत मेंं जयंती समारोह का निमंत्रण देने पहुंचे थे। इस दौरान पार्षदों, 36 बिरादरी के प्रतिनिधियों, धार्मिक, राजनैतिक व सामाजिक संगठनों ने कृषि मंत्री का परंपरा अनुसार स्वागत किया। उन्हेंं ज्वार का गुलदस्ता भेंट किया गया।
केबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर मिजोरम के राज्यपाल वीके सिंह व हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन राष्ट्र भक्ति, आत्मसम्मान और संघर्ष का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार महापुरुषों की जयंती को बड़े स्तर पर मनाकर देश के भविष्य को इतिहास और संस्कृति से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में पहुंचकर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को सम्मान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव राजपूत, जिला सचिव अजय प्रताप राणा, मार्किट कमेटी अध्यक्ष राजकिशन राणा, सीएम विंडो प्रतिनिधि मैनपाल राणा, अखिल भारतीय राजपूत महासभा युवा नेता सलिंद्र प्रताप राणा मौजूद रहे।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को जवार का गुलदस्ता भेंट करते मौजिज लोग- फोटो : परिजन