कैथल। आरकेएसडी कॉलेज ने उद्योग-शिक्षा सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए व्हाइट बैंगर टेक प्रा. लि. कैथल के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान, कौशल आधारित प्रशिक्षण और कॅरिअर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। इसके तहत विद्यार्थियों को कंप्यूटर विज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में इंटर्नशिप, व्यावहारिक प्रशिक्षण और परिणाम-आधारित शिक्षण के अवसर प्रदान किए जाएंगे। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है।
समझौते के अनुसार, व्हाइट बैंगर टेक प्रा. लि. विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम संचालित करेगी, उन्हें उद्योग से जुड़ी आवश्यक कौशलों का प्रशिक्षण देगी और मेंटरशिप प्रदान करेगी। वहीं, आरकेएसडी कॉलेज विद्यार्थियों और कंपनी के बीच समन्वय स्थापित करेगा तथा उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा।इस सहयोग का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता को बढ़ाना है जिससे वे आईटी और आईटी-सक्षम सेवाओं के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव हासिल कर सकें और भविष्य के लिए बेहतर तैयार हो सकें। यह एमओयू दो वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा, जिसके दौरान दोनों संस्थान मिलकर विद्यार्थियों के समग्र विकास और उद्योग-उन्मुख शिक्षा को बढ़ावा देंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे सहयोग से शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी कम होगी और विद्यार्थियों को बेहतर कॅरिअर अवसर प्राप्त होंगे। महाविद्यालय के प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि वर्तमान समय में इस प्रकार के उद्योग-संस्थान सहयोग अत्यंत आवश्यक हैं। इससे विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और रोजगारोन्मुख कौशल भी प्राप्त होते हैं, जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाते हैं। इस अवसर पर उप-प्राचार्य डॉ. राजबीर पराशर, डॉ. अशोक शर्मा आदि मौजूद रहे।