कैथल। गांव खेड़ी रायवाली में दुष्कर्म का प्रयास करने के एक मामले में जांच के लिए गई पुलिस टीम पर लोगों ने हमला कर दिया और मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को दी शिकायत में थाना राजौंद में सिपाही मुकेश कुमार ने बताया कि वह सब इंस्पेक्टर एसएचओ बीरभान, पुलिस कर्मचारी रीतू, महेंद्र सिंह, अमन, देवीलाल के साथ चालक भीम सिंह को लेकर गांव खेड़ी रायवाली में गए थे। वे 20 दिसंबर 2021 को धारा 354, 376, 511 व 34 व पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले के फरार चल रहे आरोपियों को जांच में शामिल करने गए थे। जहां जैसे ही लखविंद्र सिंह के मकान के पास पहुंचे तो हरभजन, सुखविंद्र सहित अन्य एकत्रित हो गए। उन लोगों ने उसकी वर्दी फाड़ दी। बलविंद्र ने कसी से उस पर हमला कर दिया। हरभजन ने उसका मोबाइल छीन लिया। अन्य लोगों ने भी उनके साथ मारपीट की। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। मामले की जांच एएसआई राजेश कुमार ने आरोपी हरभजन व सुखविंद्र को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।