राजौंद। आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली के एनसीसी कैडेट इन दिनों आयोजित 10 दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। शिविर के दौरान कैडेटों को फायरिंग, रनिंग, परेड, ड्रिल, योग, मैप रीडिंग, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास से संबंधित व्यापक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
विद्यालय के कैडेट विशेष रूप से फायरिंग और रनिंग गतिविधियों में प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में कैडेट हथियारों के सुरक्षित संचालन के साथ-साथ निशानेबाजी की बारीकियां सीख रहे हैं। वहीं शारीरिक प्रशिक्षण और दौड़ प्रतियोगिताओं में भी वे पूरे उत्साह, अनुशासन और जोश के साथ भाग लेकर अपनी क्षमता का परिचय दे रहे हैं। एनसीसी प्रभारी करम सर के नेतृत्व में कैडेट शिविर की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। कैंप में कैडेटों के लिए रहने, खाने, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है जिससे उन्हें प्रशिक्षण का पूरा लाभ मिल रहा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ओपी शर्मा ने बताया कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।

एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में फायरिंग और रनिंग गतिविधियों में भाग लेते आदर्श स्कूल के कैडेट।