Kaithal: भाजपा प्रत्याशी के बिगड़े बोल... कोई गुंडागर्दी दिखाना चाहेगा तो हमारे से बड़ा कोई गुंडा भी नहीं
कैथल में भाजपा प्रत्याशी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें उन्होंने मंच से एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने मंच से कहा कि कोई गुंडागर्दी दिखाना चाहेगा तो हमारे से बड़ा कोई गुंडा भी नहीं है।
विस्तार
हरियाणा के कैथल शहर के भाई उदय सिंह किला में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में भाजपा प्रत्याशी लीला राम की मंच से जुबान फिसल गई। प्रत्याशी की ओर से सार्वजनिक मंच से राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला पर जुबानी हमला बोला। कहा कि सुरजेवाला के कार्यकर्ता बदतमीजी पर उतर आए हैं, वह जो होर्डिंग लगवाते हैं।
उन्हें वे रात में ही उतरवा देते हैं, जो पोस्टर लगाए हैं। उन्हें फाड़ देते हैं, जबकि उन्होंने आज तक सुरजेवाला के कोई भी होर्डिंग और पोस्टर नहीं हटवाए हैं। कहा कि औकात में रहकर जो चुनाव लड़ेंगे तो हम भी प्यार से चुनाव लड़ेंगे। कोई गुंडागर्दी दिखाना चाहेगा तो हमारे से बड़ा कोई गुंडा भी नहीं है। यदि सुरजेवाला किसी गलतफहमी का शिकार है तो वो इसे दूर कर लें, हम ईंट का जवाब पत्थर से देना जानते हैं। भाजपा ने तो जनता के दिलो में पोस्टर लगा रखे है।
आदित्य को कहा काला सांड
लीला राम ने कहा कि ये (सुरेजवाला) अमेरिका से सांड लेकर आया। पहले क्या शहर में काले सांडों की संख्या कम थी, जो इसे (आदित्य को) लेकर आया। इसके भाई ने 20 साल सेवा की, उसे दूध से मक्खी की तरह निकालकर फेंक दिया।
गौरतलब है कि भाजपा की जन आशीर्वाद रैली में मुख्य अतिथि के रूप में नायब सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम नायब सैनी ने भी कहा कि मंच पर भाजपा प्रत्याशी ने किसी छींटाकशी नहीं की है, बल्कि स्वाभाविक तौर पर भाषण दिया है परंतु यह तो तय है कि भाजपा के राज में किसी की भी गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी।
लीला राम ने रणदीप सुरजेवाला के बेटे व कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य सुरजेवाला को निशाने पर लिया। इससे पहले भी लीला राम गुर्जर कई बार विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहे हैं। वहीं, इस मामले में राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने बात करना चाही तो कार्यक्रमों में अधिक व्यस्तता के चलते उनसे बात नहीं हो पाई। उनके निजी सचिव का कहना है कि इस बार वे जल्द ही मीडिया के सामने आएंगे।
कामचलाऊ मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी की मौजूदगी में भाजपा का असली चेहरा हुआ बेनक़ाब !
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) September 30, 2024
ये लड़ाई भाजपा की “गुंडागर्दी”
और
कांग्रेस की “मोहब्बत” के बीच है।
जीतेगी शराफ़त, जीतेगी मोहब्बत,
हारेगी बदमाशी, हारेगी गुंडई ।
जय कांग्रेस, विजय कांग्रेस । https://t.co/ssKLi0j7iS
सुरजेवाला ने की पोस्ट : ये लड़ाई भाजपा की “गुंडागर्दी” और कांग्रेस की “मोहब्बत” के बीच
भाजपा प्रत्याशी लीला राम की ओर से जनसभा में रणदीप सुरजेवाला पर दिए गए बयान के बाद राज्यसभा सदस्य सुरजेवाला ने एक्स पर पोस्ट कर जवाब दिया है। सुरजेवाला ने लिखा है, कामचलाऊ मुख्यमंत्री नायब सैनी की मौजूदगी में भाजपा का असली चेहरा बेनकाब हुआ। ये लड़ाई भाजपा की “गुंडागर्दी” और कांग्रेस की “मोहब्बत” के बीच है।
जीतेगी शराफ़त, जीतेगी मोहब्बत,
हारेगी बदमाशी, हारेगी गुंडई ।
