कलायत। रविवार को गांव शिमला में ग्रामीणों ने मिलकर सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए एक विशाल हवन यज्ञ का आयोजन किया। भीषण गर्मी और बदलते मौसम के बीच अच्छी बरसात की कामना के लिए पूरा गांव इस धार्मिक अनुष्ठान में उमड़ा। हवन यज्ञ में मुख्य यजमान सहित समस्त ग्रामीणों ने पूर्ण आहुति डालकर गांव की खुशहाली की मन्नत मांगी। ग्रामीणों के अनुसार, यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि पूरे गांव को एकता के सूत्र में पिरोने का एक साझा प्रयास है। हवन की समाप्ति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें ग्रामीणों ने पंक्ति में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। बुजुर्गों का कहना है कि इस तरह के सामूहिक आयोजनों से जहां नई पीढ़ी में संस्कारों का संचार होता है, वहीं आपसी मनमुटाव दूर होकर भाईचारे की भावना को बल मिलता है। इस अवसर पर पूर्व सरपंच प्रतिनिधि सिया राम मोर, कृष्ण मोर, महेंद्र सिंह, ब्रह्मा सिंह, डॉक्टर सुभाष मोर, तेजवीर, मनप्रीत सिंह मोर, पीयूष मोर, चरण सिंह, बदन सिंह, बलवान सिंह और गोल्डी मोर सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

हवन में आहुतियां डालते गांव शिमला के लोग। संवाद