जुलाना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिविल सर्जन डॉ. जेएस पूनिया ने पार्षदों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैैठक ली। इसमें उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन ही एकमात्र उपाय है। लेकिन एक डोज लगवाने के बाद काफी लोगों ने अभी तक दूसरी डोज नहीं लगवाई है।
उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका है, लेकिन लोग अब भी कोरोना को हल्के में ले रहे हैं। अब तक जुलाना क्षेत्र में 91 हजार लोगों ने पहली डोज लगवाई है। 84 दिन बीत जाने के बाद भी 42 हजार लोगों ने दूसरी डोज नहीं लगवाई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग दूसरी डोज लगवाने के लिए लोगों को फोन कर रहा है, लेकिन लोग नहीं आ रहे हैं। डॉ. पूनिया ने कहा कि दो सप्ताह में जुलाना क्षेत्र के लोगों को टीके लगाने का टारगेट रखा गया है। इसके लिए सभी पार्षदों व सामाजिक संगठनों का सहयोग जरूरी है। इस मौके पर एसएमओ डॉ. नरेश वर्मा, व्यापार मंडल के प्रधान रमेश जिंदल, पार्षद सुभाष पांचाल, विजय कुमार नव राजू परूथी भी मौजूद रहे।