उचाना। इस बार क्षेत्र की मंडियों और खरीद केंद्रों पर गेहूं खरीद का काम काफी सामान्य चला। मंडी में गेहूं आना बंद हो चुका है और इसके साथ ही गेहूं के उठान का काम भी तेजी से चल रहा है। इससे आढ़तियों ने राहत की सांस ली है।
आढ़तियों का कहना है कि गेहूं का वजन होने के बाद उठान के बाद भुगतान भी समय पर हो रहा है। इसके अलावा मंडी में दुकानों के आगे गेहूं के ढेर भी नहीं लग रहे हैं। ऐसा पहली बार हुआ है जब गेहूं के भुगतान के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। हालांकि अब उचाना की अनाज मंडी में गेहूं की आवक बंद हो चुकी है। पिछले दो दिन से मंडी में गेहूं नहीं आ रहा है। छात्तर गांव स्थित खरीद केंद्र में 1482, काब्रच्छा में 1315, घोघडिय़ां में 4971 क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद हुई। मंडी में प्राइवेट खरीददारों ने भी 5947 क्विंटल गेहूं खरीदा। इस बार हैफेड ने मंडी में 228514, डीएफएससी ने 36058, वेयर हाउस 60510, छातर में 82155, घोघडिय़ा में 71404, काब्रच्छा में 46858 क्विंटल गेहूं की खरीद की है। आढ़ती रामदत्त शर्मा, रामनिवास, राजा बुडायन, सुरेश ने कहा कि इस बार गेहूं की खरीद, उठान प्रक्रिया पहली बार बेहतर नजर आई। कहीं भी जाम की स्थिति नहीं हुई तो मंडी में आते ही किसान फसल बेच कर शाम को घर वापस चला गया। किसानों को गेहूं की राशि के लिए इंतजार नहीं करना पड़ रहा है।