जुलाना। दो अगस्त से कंटेनमेंट जोन घोषित किए जाने के बाद जुलाना के शादीपुर गांव का बाजार 15 दिन बाद फिर से खोला गया, जबकि अभी तक बाजार खोलने को लेकर दुकानदारों के पास प्रशासनिक आदेश नहीं आया है।
दुकानों को खोलने के लिए दुकानदार पांच अगस्त को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बीडीपीओ धर्मबीर खर्ब से मिले थे, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। इसी को लेकर नौ अगस्त को व्यापार मंडी की बैठक भी हुई थी। कई बार दुकानदार थाना प्रभारी और विधायक से भी मिले। शादीपुर में 32 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे, ऐसे में प्रशासन ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बाजार बंद कर दिए थे। वहीं धर्मबीर खर्ब ने कहा कि अभी तक प्रशासन की ओर से कोई भी आदेश बाजार खोलने के नहीं आए हैं। बाजार बिना आदेशों के खोलना गलत है। नौ अगस्त को दुकानदार दुकानों को खोलने की मांग को लेकर मिले थे, लेकिन उन्हें प्रशासन के आदेश आने तक दुकानेें खोलने से मना कर दिया है। दुकान कैसे खोली गई हैं, इस बारे में थाना प्रभारी से बातचीत की जाएगी।