सोनाली फौगाट विवाद: अब खाप पंचायत भी कूदी, सुलतान सिंह बोले- मेरा कसूर मिले तो गर्दन उतार देना
हिसार मार्केट कमेटी सचिव सुलतान सिंह और भाजपा नेता सोनाली फौगाट के विवाद में अब खाप पंचायत कूद पड़ी है। जिस बिनैन खाप से सुलतान सिंह आते हैं, उसने मीटिंग कर साफ कर दिया है कि यदि सोनाली फौगाट के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा। इसको लेकर बुधवार को बिनैन खाप के चबूतरे पर पंचायत हुई, जिसमें मार्केट कमेटी सचिव सुलतान सिंह ने अपना पक्ष रखा।
इसके बाद तय किया गया कि खाप के पांच सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल 12 जून को हिसार के डीसी और एसपी से मिलकर सोनाली फौगाट की गिरफ्तारी की मांग करेगा। इसके बाद भी यदि फौगाट की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 14 जून को सच्चाखेड़ा में खाप की मीटिंग कर फैसला लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- नवजोत सिद्धू को लेकर फिर कयासबाजी शुरू, मनाने के लिए कांग्रेस दे सकती ये बड़ा ओहदा
खाप पंचायत उपप्रधान भगत राम नैन के नेतृत्व में हुई मीटिंग में साफ किया गया कि लड़ाई अब सुलतान सिंह और सोनाली फौगाट के बीच नहीं बल्कि खाप और सरकार के बीच की हो गई है। पंचायत में पहुंचे लोगों में इस मामले को लेकर सरकार के खिलाफ रोष दिखा। खाप के लोग मारपीट करने को लेकर काफी गुस्से में हैं।
महापंचायत में सचिव सुलतान सिंह ने अपनी आपबीती बताई। उन्होंने कहा कि उस षड्यंत्र के तहत पीटा गया। खाप सदस्य एडवोकेट रणधीर सिंह नैन ने बताया कि खाप के प्रतिनिधियों ने फैसला लिया है कि पहले शुक्रवार को खाप के पांच सदस्य हिसार के डीसी और एसपी से मिलेंगे। अगर 15 जून तक सोलानी फौगाट की गिरफ्तारी नहीं की गई तो गांव सच्चाखेड़ा में एक पंचायत करके आगामी फैसला लिया जाएगा।
नैन ने कहा कि अगर सरकार सोनाली फौगाट को गिरफ्तार नहीं करती है और सुलतान सिंह के खिलाफ दर्ज केस वापस नहीं लेती है तो खाप आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। खाप नेताओं ने कहा कि शुक्रवार को वे अधिकारियों से मिलेंगे और इसके बाद सरकार के पास नहीं जाएंगे। सरकार को उनके पास पहुंचना पड़ेगा।
मेरा कसूर मिले तो गर्दन उतार देना: सुलतान सिंह
खाप पंचायत में अपना पक्ष रखते हुए सुलतान सिंह ने कहा कि बिना किसी कारण के ही उनकी पिटाई की गई है। यदि मेरा कसूर मिले तो खाप मेरी गर्दन उतार ले। गलती मिले तो उसे फांसी पर लटका देना। सुलतान सिंह ने कहा कि आपका बेटा हूं, पिटा हूं, अब आपके चरणों में हूं।’ साथ ही उन्होंने पंचायत में यह भी कहा कि उन पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
गौरतलब है कि पांच जून को भाजपा नेता सोनाली फौगाट द्वारा मार्केट सचिव सुलतान सिंह की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद से ही खाप के लोग इस पर योजना बना रहे हैं। सुलतान सिंह ने कहा कि इससे पहले उनकी सोनाली फौगाट से कोई बात नहीं हुई।
मंत्रियों के आ रहे हैं फोन
पंचायत के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुलतान सिंह ने कहा कि उन पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मंत्रियों के फोन आ रहे हैं। इसके बावजूद अब वे खुद फैसला नहीं लेंगे। उन्होंने अपनी पीड़ा खाप को बता दी है और फैसला भी खाप ही करेगी। फिलहाल वह अपने लोगों में रहेंगे। खाप के 52 गांव उनकी ढाल हैं।
अदालत में खोलेंगे कई राज
सुलतान सिंह ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित हो चुके हैं। इसके बावजूद बार-बार उनका तबादला करवाया जा रहा है। इसके चलते उन्होंने तबादले पर अदालत से स्टे लिया हुआ है। साथ ही सुलतान सिंह ने कहा कि सोनाली फौगाट कहती हैं कि उनके पास ऑडियो है। इसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। वे बार-बार सिर्फ इसको बता रही हैं।
पिटाई का वीडियो सिर्फ बचाव के लिए
इस दौरान कुछ खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि सुलतान सिंह को इससे पहले ही युवकों से पिटवाया गया था। पिटाई का जो वीडियो वायरल किया गया है वह तो महज बचाव के लिए हैं। यदि सुलतान सिंह ने कोई गलती की है तो उसकी सजा देने का हक कानून को है।