Haryana Crime: ईंट मारकर व्यक्ति की हत्या, दोस्तों के साथ खेत पर कर रहा था शराब पार्टी, सुबह मिला शव
दोस्तों के साथ शराब पार्टी करने गए एक शख्स की हत्या का मामला सामने आया है। व्यक्ति के सिर व मुंह पर ईंटें मारकर हत्या की गई है। व्यक्ति का शव सुबह उसके खेत में पड़ा मिला।
विस्तार
जलालपुर खुर्द गांव में 42 वर्षीय बलजीत उर्फ बादल के सिर व मुंह पर ईंटें मारकर हत्या कर दी। व्यक्ति का शव सुबह उसके खेत में पड़ा मिला। शव के पास ही खून से सनी ईंट भी मिली। पास में शराब और बीयर की बोतल पड़ी हुई थी। रात को शराब पीते समय हुए झगड़े में व्यक्ति की जान गई। एक सप्ताह में जींद सदर थाना इलाके में यह हत्या की दूसरी वारदात है। इससे पहले बीते शुक्रवार को शाम के समय खरक रामजी गांव में एक शराब ठेकेदार की हत्या कर दी गई थी।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक जलालपुर खुर्द का निवासी 42 वर्षीय बलजीत उर्फ बादल शाम अपने घर से निकला था। इसके बाद देर रात तक वापस नहीं आया। सुबह परिजनों को खेत में उसका खून से लथपथ शव मिला। पास ही खून से सनी ईंट पड़ी थी। बलजीत रात को करीब साढ़े आठ बजे तक जींद में था। इसके बाद वह प्रदीप के साथ कहीं गया। बाद में विजय और हिमांशु भी उसके साथ गए। रात को बलजीत अपने खेत में गांव के ही विजय और हिमांशु के साथ शराब पी रहा था। विजय रात को 11 बजे घर लौट गया था। उसके बाद हिमांशु और बलजीत गांव के शराब ठेके पर गए और शराब की बोतल लेकर वापस खेत में आ गए। रात को लगभग दो बजे के करीब किसी बात को लेकर हिमांशु और बलजीत के बीच झगड़ा हो गया। इस पर हिमांशु ने बलजीत के मुंह तथा सिर पर ईंटें मार-मार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। हत्या की इस वारदात में कुछ अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों का बयान
परिजनों ने कहा कि बलजीत शारीरिक रूप से काफी मजबूत था और वह एक या दो व्यक्तियों के काबू आने वाला नहीं था। खेतों में कम से कम पांच जगहों पर कुछ लोगों के बीच संघर्ष होने के निशान मिले हैं। इससे आशंका है कि बलजीत की हत्या से पहले कई और लोगों से भी झगड़ा हुआ है। बलजीत उर्फ बादल खेतीबाड़ी करता था। मृतक का एक बेटा है जो चंडीगढ़ में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।
पैसा बन गया जान का दुश्मन
परिवार के लोगों ने बताया कि उसकी हत्या एक साजिश के तहत की गई है। कुछ महीनों पहले ही बलजीत की जमीन बिकी थी और उसके पास काफी पैसे थे। आशंका जताई कि गांव के जिन युवकों ने हत्या की है। उनकी नजर उसके रुपये पर थी। इसी कारण ही हत्या की गई है। हत्यारों का मकसद मोबाइल से रुपये ट्रांसफर करना भी हो सकता है। आरोपी 18 वर्षीय हिमांशु हत्या की वारदात के बाद फरार हो गया। हिमांशु झगड़ालु किस्म का युवक बताया जा रहा है। वह रात को बलजीत की बाइक और मोबाइल लेकर फरार हुआ। पुलिस ने हिमांशु की लोकेशन का पता किया तो अंतिम बार शहर की शिव कॉलोनी में उसकी लोकेशन मिली।
पुलिस ने बलजीत के बेटे सौरभ की शिकायत पर हिमांशु, प्रदीप और विजय को नामजद करते हुए कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रदीप और विजय दोनों सगे भाई हैं, जबकि हिमांशु दूसरे परिवार से है। वह पहले किसी दुकान पर नौकरी करता था। फिलहाल वह फर्नीचर का काम कर रहा था। -पूजा जाखड़, सदर थाना प्रभारी जींद।
ये भी पढ़ें: बेटी पर पिता की गंदी नजर: नहलाने के बहाने उतारे कपड़े, चीखने पर पहुंची छोटी बहन; चुप रहने के लिए थमाए 20 रुपये