रचा इतिहास: जूनियर एशियन महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत ने पहली बार जीता स्वर्ण, टीम में हरियाणा की छह बेटियां
भारतीय टीम ने कजाकिस्तान में आयोजित जूनियर एशियन महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में पहली बार स्वर्ण पदक जीता है। फाइनल मुकाबले में टीम ने थाईलैंड को 41-18 से पराजित किया व छह अंकों के साथ शीर्ष पर रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जूनियर महिला हैंडबाल टीम ने कजाकिस्तान में आयोजित जूनियर एशियन महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। 16 खिलाड़ियों के इस दल में छह हरियाणा से हैं और इनमें से भी चार जींद जिले से हैं। हैंडबाल वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव जुगमिंदर सिंह ने बताया कि जूनियर एशियन महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता 11 से 14 मार्च तक कजाकिस्तान में हुई। इसमें पहली बार भारतीय टीम को स्वर्ण पदक मिला है।
यह प्रतियोगिता जीतने के साथ ही भारतीय टीम इस साल होने वाली जूनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर गई है। यह भी पहली बार हुआ है। विश्व चैंपियनशिप स्लोवानिया में 22 जून से तीन जुलाई तक होगी। इस प्रतियोगिता में प्रियंका ठाकुर समेत पांच खिलाड़ी हिमाचल से तथा छह खिलाड़ी हरियाणा से हैं।
हरियाणा की छह खिलाड़ियों में से चार जींद जिले की हैं। इनमें से दो खिलाड़ी जींद के राजकीय महिला कॉलेज व दो नरवाना के एसडी महिला महाविद्यालय की छात्रा हैं। टीम में हरियाणा की प्रिया व गौरव हिसार जिले से, मोनिका, मंजू, मीनू व प्रियंका जींद जिले से हैं। फाइनल मुकाबले में टीम ने थाईलैंड को 41-18 से पराजित किया व छह अंकों के साथ शीर्ष पर रही।
फेडरेशन ने अपने खर्च पर भेजा
हैंडबॉल वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव जुगमिंदर सिंह ने बताया कि टीम को बाहर भेजने की जिम्मेदारी भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) या फेडरेशन की होती है। ऐसे में साई ने टीम को भेजने के लिए खर्च नहीं दिया तो फेडरेशन ने अपने खर्च पर टीम को खेलने के लिए भेजा।
खेल मंत्री करेंगे सम्मानित
टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार जूनियर एशियन महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। प्रदेश के खेल मंत्री संदीप सिंह हरियाणा की खिलाड़ियों को 21 मार्च को सम्मानित करेंगे। यह देश के लिए गर्व की बात है। - जुगमिंदर सिंह, महासचिव, हैंडबाल वेलफेयर एसोसिएशन।