जींद। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी मदन लाल चोपड़ा के साथ अध्यापकों व स्कूलों की समस्याओं बारे बैठक की। इस दौरान उन्होंने अपनी समस्याएं भी रखीं।
जिला कोषाध्यक्ष भूप सिंह वर्मा ने कहा कि बैठक में सत्र 2016-19 की बकाया एलटीसी मामले, मेडिकल मामले, रीएंपलायमेंट में लगे अध्यापकों का बजट और अब सेवानिवृत्त होने वाले अध्यापकों की पेंडिंग एलटीसी मामले व स्कूलों की अन्य समस्याओं बारे में चर्चा हुई। राज्य कोषाध्यक्ष संजीव सिंगला ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी ने बैठक में बताया कि एलटीसी रिवाइज करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को मामले जल्द भेजने बारे पत्र लिखा जा चुका है व इस बारे दोबारा से स्मरण पत्र लिख दिया जाएगा। एलटीसी का बजट कम आया हुआ है। बकाया बजट की डिमांड निदेशालय को कर दी गई है। एसीपी मामलों में साइट नहीं चलने के कारण अधिक देरी हो रहा है व निदेशालय स्तर पर इसे दूर करने बारे प्रयास किया जा रहा है। मेडिकल के बजट की डिमांड निदेशालय से की जा चुकी है। एपीएआर पर हस्ताक्षर का काम 15 दिनों के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। रीइंपलायमेंट के तहत लगे अध्यापकों का बजट खंडों से डिमांड आते ही जारी कर दिया जाएगा। जिला ऑडिटर शमशेर बूरा ने कहा कि सरकार नई शिक्षा नीति के नाम पर सार्वजनिक शिक्षा को निजी हाथों में सौंपने की कोशिश कर रही है। अध्यापकों से गैर शैक्षिक कार्य लिए जा रहे हैं। पदोन्नति सूचियां जारी नहीं की जा रही। बार-बार शेड्यूल जारी करने के बाद भी तबादले नहीं हो रहे हैं। निदेशालय पर हजारों की संख्या में एसीपी मामले पेंडिंग पड़े हुए हैं और गलत ऐतराज लगाए जा रहे हैं। पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल नहीं की जा रही है। अध्यापक संघ जल्द ही इन समस्याओं और अन्य मुद्दों को लेकर 12 दिसंबर को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के हल्ला बोल प्रदर्शन में शामिल होकर आवाज बुलंद करेगा। इस अवसर पर संजीव सिंगला, शमशेर कौशिक, सत्येंद्र, शमशेर बूरा व सतेंद्र गौतम भी मौजूद रहे।