हरियाणा : जजपा विधायक को बुलाने पर हुआ विवाद, दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, फायरिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के जींद में सिवाहा गांव में जननायक जनता पार्टी के विधायक अमरजीत ढांडा को 27 फरवरी को दादा खेड़े पर लगाए भंडारे में बुलाने पर दो पक्षों में मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों में बुधवार दोपहर बाद फिर झगड़ा हो गया। विधायक का विरोध करने वाले पक्ष ने इस दौरान गोली चला दी। इससे एक युवक के कान में गोली के छर्रे लगने से घायल हो गया। इसमें एक पक्ष के चार व दूसरे के तीन लोग घायल हो गए।
गांव सिवाहा के निवर्तमान सरपंच वेदपाल भनवाला ने आरोप लगाया कि 27 फरवरी को गांव में दादा खेड़ा पर भंडारा और रागनी का कार्यक्रम करवाया गया था। कार्यक्रम में जुलाना से विधायक अमरजीत ढांडा को भी बुलाया गया था। जब विधायक ढांडा कार्यक्रम में पहुंचे तो रागनी प्रस्तुत कर रहे कलाकार ने उनका गुणगान करना शुरू कर दिया। गांव के सुनील, देवीलाल, धर्मबीर, सचिन और अनूप उर्फ काला ने इसका विरोध किया। जब उन्होंने युवकों को रोकने का प्रयास किया तो कहासुनी हो गई। उस समय तो लोगों ने बीच बचाव करके मामले को शांत कर दिया।
बुधवार को उसके परिवार के अशोक, कुलविंद्र, राहुल पिल्लूखेड़ा स्थित उनकी आढ़ती की दुकान से गांव आ रहे थे। जब वह पिल्लूखेड़ा व सिवाहा की सीमा के पास पहुंचे तो वहां पर पहले से बैठे सुनील, देवीलाल, धर्मबीर, सचिन व अनूप उर्फ काला व रौनक ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके बाइक पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। वे गाड़ी की टक्कर लगने से गिर गए और उसके बाद आरोपियों ने उन पर लाठी व डंडों से हमला कर दिया। सूचना पाकर सरपंच वेदपाल के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
इसके बाद दोनों गुटों में जमकर लाठी व डंडे चले। इस दौरान अनूप उर्फ काला ने पिस्तौल से गोली चला दी। गोली अशोक के पास से होते हुए निकल गई और गोली के छर्रे अशोक के कान में लगे। बाद में दोनों पक्षों के लोगों को कालवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के सचिन ने आरोप लगाया कि सरपंच के परिवार ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया।
दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज
पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी छत्रपाल ने बताया कि दोनों पक्षों के सात लोग अस्पताल में भर्ती हैं। दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इसमें एक पक्ष के चार तो दूसरे के तीन लोग घायल हैं। सरपंच पक्ष के लोगों पर फायरिंग की शिकायत है। घटनास्थल पर एसएफएल की टीम जांच कर रही है। दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस, बाद में पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने की कार्रवाई
दोनों पक्षों का झगड़ा कहां पर हुआ है। इसको लेकर भी पुलिस लगभग आधे घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही। इसके बाद घायलों की निशानदेही पर सदर थाना पुलिस ने इस मामले को पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने पहुंचकर इस मामले में घायलों के बयान दर्ज कर कार्रवाई की।