विदेश भेजने के नाम पर दंपती से लाखों की ठगी: पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज
हरियाणा में विदेश भेजने के नाम पर दंपती के साथ ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने दंपती से कुल 17.45 लाख रुपये ठग लिए और जब आरोपियों से पैसे वापस मांगे गए तो उन्होंने पति और पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने अपना ऑफिस पानीपत से दिल्ली शिफ्ट कर लिया। डिटेल में पढ़ें खबर...
विस्तार
अमेरिका की यूनिवर्सिटी में एडमिशन व वर्क परमिट दिलाने के नाम पर दंपती से 17 लाख 45 हजार रुपये की धोखाधड़ी उजागर हुई। सदर थाना पुलिस सफीदों ने मयूर विहार दिल्ली निवासी अभिषेक चौहान और ईस्ट दिल्ली प्रीत विहार खिचड़ीपुर निवासी दीपकचंद के खिलाफ धोखाधड़ी कर ठगी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सफीदों सदर क्षेत्र के गांव रोहड़ निवासी नवदीप ने बताया कि उसका छोटा भाई अमृत सिंह और उसकी पत्नी कोमलप्रीत कौर विदेश जाना चाहते थे। उन्होंने पानीपत अनाज मंडी में विदेश भेजने वाली कंसल्टेंसी में काम करने वाले अभिषेक चौहान और दीपकचंद के साथ बात की तो वह उनके घर आए, फिर उन्हें बातों में फंसाकर लीगल तरीके से अमेरिका भेजने की बात कही। इस पर उनकी 38 लाख रुपये में फाइनल बात हुई। इसमें वीजा खर्च भी शामिल था।
17.45 लाख रुपये की ठगी
28 अक्तूबर 2022 को कागजी कार्रवाई के नाम पर डेढ़ लाख रुपये नकद लिए और डेढ़ लाख रुपये की आरटीजीएस करवाई। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि अमेरिका का डायरेक्ट वीजा नहीं लगेगा। पहले दोनों को यूके भेजकर कोर्स करवाना होगा। इसके बाद वहां यूके में वर्क वीजा लगवाएंगे और वहां से अमेरिका भेजा जाएगा। यूके में कोर्स में दाखिले के लिए दो लाख और मांगे तो उन्होंने दे दिए। इसके बाद कहा कि यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए बैंक खाते में फंड दिखाना जरूरी है, इसलिए उन्होंने दो लाख रुपये और मंगवाए।
आरोपियों ने जान से मारने की दी धमकी
अभिषेक ने राजपुरा में उससे दो लाख रुपये नकद लिए। उनसे खाली चेकों पर साइन करवाए गए। मार्च 2023 में उनसे चार लाख 40 हजार रुपये, अक्तूबर में एक लाख 10 हजार रुपये एक बार, दूसरी बार में नौ लाख रुपये और फिर दो लाख रुपये नकद लिए। फिर आरोपियों ने फर्जी लेटर भेजा। इस पर आठ लाख रुपये फीस दर्शाई गई थी। आरोपियों ने उनसे कुल 17 लाख 45 हजार रुपये लिए, लेकिन विदेश नहीं भेजा। कई महीने तक आरोपी टालमटोल करते रहे। आरोपियों ने उसके भाई की पत्नी के नाम से फर्जी डिग्री भी बनवा ली। जब विदेश नहीं भेजा गया तो उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे, जिस पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने पानीपत से ऑफिस दिल्ली शिफ्ट कर लिया।
पुलिस ने मयूर विहार दिल्ली निवासी अभिषेक चौहान और ईस्ट दिल्ली प्रीत विहार खिचड़ीपुर निवासी दीपकचंद के खिलाफ कबूतरबाजी, धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है। -दीपक कुमार, जांच अधिकारी, सदर थाना पुलिस, सफीदों
ये भी पढ़ें: हरियाणा में पूर्व विधायक के बेटे से धोखाधड़ी: जमीन नीलामी के नाम पर लाखों का चूना, बैंक अधिकारियों पर केस दर्ज