जींद। भवन निर्माण कामगार यूनियन की बैठक स्थानीय शहीद सूबे सिंह स्मारक में जिला प्रधान कश्मीर सिंह सेलवाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें निर्माण मजदूर फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूनियन के राज्य महासचिव सुखबीर सिंह भी शामिल हुए। बैठक में निर्माण मजदूर व कारीगरों की मांगों एवं समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्माण मजदूर फेडरेशन के राष्ट्रीय आह्वान पर दो व तीन दिसंबर को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। जिला सचिव कपूर सिंह ने कहा कि देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए यूनियन के कार्यकर्ता गांव-गांव में जाएंगे और हड़ताल के लिए निर्माण मजदूर व कारीगरों को लामबंद किया जाएगा। इस अभियान के साथ-साथ यूनियन के इकाई कमेटियों के सम्मेलन भी किए जाएंगे। सुखबीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार निर्माण मजदूरों के हक पर लगातार हमले कर रही है। एक तरफ उनको लाभ से वंचित किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ कमर तोड़ महंगाई ने निर्माण मजदूर-कारीगरों और आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मजदूरों के हक के लिए बने 44 श्रम कानूनों को खत्म करके चार लेबर कोड में बदल दिया है। इनसे मजदूरों को पूंजीपतियों का गुलाम बनाने का रास्ता खोल दिया है। इन कोड में न तो न्यूनतम वेतन का प्रावधान है और न ही काम की समय सीमा तय की गई है। मजदूर थोड़े से थोड़े वेतन में दिन-रात पूंजीपतियों के यहां काम करेंगे। सरकार ने सेंट्रल प्रोसेसिंग सिस्टम के माध्यम से निर्माण मजदूरों को मिलने वाली सहायता राशि से वंचित कर दिया है। यह ढोंग किया जा रहा है कि सेंट्रल प्रोसेसिंग सिस्टम से भ्रष्टाचार खत्म हो गया, लेकिन सच्चाई इससे कोसों दूर है। बोर्ड में पंजीकृत निर्माण मजदूर कारीगरों को मृत्यु, कन्यादान, शादी, मातृत्व, पितृत्व लाभ मिलना तो दूर की बात है। इनको साइकिल, औजार, महिला सम्मान का लाभ मिलना भी दुर्लभ हो गया है। प्रदेश के निर्माण कल्याण बोर्ड में जमा 4500 करोड़ रुपये जमा हैं, जिन पर सरकार कुंडली मारकर बैठ गई है और इस पैसे को निर्माण मजदूरों पर खर्च करने की बजाय इसे खुर्द-बुर्द करना चाहती है। इसलिए भवन निर्माण कामगार यूनियन जिला कमेटी ने फैसला किया है कि दो व तीन दिसंबर की हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया जाएगा। इस अवसर पर सीटू के राज्य उपाध्यक्ष कामरेड रमेश चंद्र, संदीप जाजवान, शीलकराम, जगदीश, संदीप दालमवाला, दीनदयाल, गुलाब, सुभाष पांचाल व पवन भी मौजूद रहे।