जींद। एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि सशक्त व उन्नत भारत के निर्माण में कारीगरों व शिल्पकारों का अहम योगदान रहा है। ऐसे में इस श्रेणी के लोगों को सम्मान के साथ उन्हें समर्थ बनाते हुए उन्हें समृद्धशाली बनाना है। इस काम के लिए सरकार ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना शुरू की है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पोर्टल पर इस योजना के तहत अधिक से अधिक लाभार्थियों को जोड़ा जाए। एडीसी सोमवार को उद्योग व वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जिला में लंबित 13 ग्राम पंचायतों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा पोर्टल पर ऑन बोर्डिंग करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अमृत काल के इस दौर में कारीगरों व शिल्पकारों के हाथों के हुनर को पेशेवर औजार देकर इनके जीवन में नया सवेरा लाने का काम किया जाएगा। यह योजना उम्मीद की नई किरण लेकर आई है। योजना से इन्हें उन्नति की नई ऊंचाई तक इनकी साझीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इससे कारीगरी को विश्व में अलग पहचान मिलेगी। इस अवसर पर आईटीआई जींद के प्रधानाचार्य अनिल गोयल, औद्योगिक विस्तार अधिकारी चेतना, एमएसएमई विभाग के सहायक आकाश, एपीओ जितेंद्र सिंगला मौजूद थे। एडीसी द्वारा अतिरिक्त मुख्य सचिव को दर्जी व राज मिस्त्री के अलावा अन्य योग्य प्रार्थियों द्वारा दिए गए आवेदनों को अगले स्तर पर भिजवाने का आश्वासन दिया।