जींद। अंकुर दिव्यांग स्कूल में समग्र शिक्षा एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से जिला जींद के सरकारी स्कूलों में नर्सरी से 12वीं कक्षा तक पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों के चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला परियोजना संयोजक रितु पंघाल ने किया। मंगलवार को खंड जुलाना और जींद के पीएमश्री विद्यालयों के 41 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
पात्र बच्चों के सर्टिफिकेट बनाए गए। चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन एपीसी अशोक गौतम की देखरेख में किया जा रहा है। शिविर का निरीक्षण डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रमेश पांचाल ने किया। बुधवार को को खंड अलेवा एवं खंड पिल्लूखेड़ा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इस जांच शिविर में नागरिक अस्पताल जींद से चिकित्सक एवं सहायक स्टाफ, रेडक्रॉस स्टाफ, समाज कल्याण विभाग स्टाफ, रोडवेज स्टाफ और अध्यापक उपस्थित रहे।