झज्जर: केएमपी पर बादली में टोल वसूली का तीन गांवों के लोगों ने किया विरोध, आधा घंटा तक टोल फ्री करवाया
केएमपी आधा घंटा तक टोल फ्री रहा। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि उनके वाहनों का टोल वसूला गया तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए तैयार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झज्जर के बादली में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर टोल वसूली के खिलाफ बादली, दरियापुर और लगरपुर के लोग लामबंद हो रहे हैं। इन गांवों के कुछ ग्रामीण बुधवार को बादली टोल प्लाजा पहुंचे। ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए प्रबंधक से बातचीत की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो टोल प्लाजा पर वाहनों से टोल वसूली बंद करवा दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर टोल वसूली शुरू करवाई। बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के लिए वीरवार का समय निर्धारित किया गया है। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि उनके वाहनों का टोल वसूला गया तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए तैयार हैं।
केएमपी पर टोल माफ करवाने की मांग को लेकर आसपास के गांवों के काफी ग्रामीण बुधवार दोपहर बादली टोल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने करीब आधा घंटा तक वाहनों से टोल वसूली ठप करवा दी। ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल ने टोल प्लाजा प्रबंधक के समक्ष अपना पक्ष रखा और टोल माफ करवाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि आसपास के गांवों के निवासियों के वाहनों की टोल पर्ची काटना गलत है और भविष्य में स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें चंडीगढ़ का रुख करना पड़ेगा।
ग्रामीण होशियार सिंह दरियापुर और दरियापुर के सरपंच संदीप सहित आसपास के ग्रामीणों ने कहा कि जब तक केएमपी के साथ-साथ सर्विस रोड नहीं बन जाता, तब तक आसपास के गांवों के ग्रामीणों की टोल पर पर्ची नहीं काटी जाए। टोल प्लाजा के प्रबंधक संदीप ने कहा कि उच्च अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार, मुख्यमंत्री मनोहर लाल केएमपी के निरीक्षण के लिए आए थे तो उन्होंने अपनी बात रखी थी और पिछले कुछ माह से टोल नहीं लिया जा रहा था। लेकिन अब पहली अप्रैल से दोबारा टोल वसूलना शुरू कर दिया है। जिससे ग्रामीणों में रोष है। बुधवार की दोपहर टोल प्रबंधक और ग्रामीणों के बीच बढ़ता विवाद पुलिस ने सुलझा दिया लेकिन अब दोनों पक्षों के बीच वीरवार को बैठक होगी।
केमपी के बादली टोल प्लाजा पर ग्रामीणों के पहुंचने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाया गया है। फिलहाल टोल पर शांति है और वाहन चालक टोल टैक्स देकर निकल रहे हैं। वीरवार को होने वाली दोनों पक्षों की बैठक पर पुलिस की निगाह भी लगी है। - इंस्पेक्टर जसबीर, एचएचओ, थाना बादली