राखी पर महिला के लिए फ्री बस सेवा
प्रदेश सरकार की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्षाबंधन पर हरियाणा रोडवेज की बसों में महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए बसों को लंबे रूटों की की बजाय लोकल रूटों पर अधिक लगाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक महिलाएं मुफ्त यात्रा का फायदा उठा सकें।
बहादुरगढ़ बस स्टैंड से करीबन 55 बसों को निर्धारित व अन्य रूटों पर लगाया जा रहा है। जिन रूटों पर बसें नहीं भी जाती और महिलाओं की संख्या उस रूट पर जाने के लिए 40 से 50 हो जाती है तो उस पर भी हर हाल में फ्री बस की यात्रा मुहैया कराई जाएगी।
सब डिपो बहादुरगढ़ में कुल 63 बसें हैं, लेकिन इनमें से करीब 55 बसें रूटों पर सरपट दौड़ती रहती हैं। रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं की फ्री बस यात्रा को लेकर रोडवेज की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी चालकों व परिचालकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कार्य के प्रति सजग रहें और यदि किसी ने लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को ही विभिन्न मार्गों पर चलने वाली बसों के लिए चालकों और परिचालकों की ड्यूटी सुनिश्चित कर दी गई है। रक्षाबंधन पर्व की अलसुबह से लेकर रात के 12 बजे तक बसों में महिलाओं के लिए फ्री यात्रा रहेगी। रोडवेज कर्मी ड्यूटी क्लर्क धर्मबीर राठी ने बताया कि रक्षा पर्व को लेकर लंबे रूटों की बसों को लोकल रूटों पर लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि बहादुरगढ़ बस स्टैंड से खरखौदा, सोनीपत, बादली, झज्जर, गुड़गांव सहित अन्य मार्गों पर बसों की कोई कमी नहीं होगी। वहीं बहादुरगढ़ से सिरसा, हिसार, भिवानी, चंडीगढ़ व अन्य जगहों पर जाने वाली गाड़ियों को लेकर भी इंतजाम किए गए हैं। वहीं ईस्सरहेड़ी मार्ग, वाया मातन-छारा बेरी मार्ग पर भी रोडवेज की बसों को चलाए जाने की मांग की है।
शनिवार को भी रही बसों में भीड़
रक्षाबंधन पर बसों में यात्रा मुफ्त होने के कारण महिलाओं की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में कई महिलाएं परेशानी से बचने के लिए एक दिन पहले ही अपने मायके पहुंच जाती हैं। शनिवार को भी बसों में महिलाओं की भारी भीड़ रही। महिलाएं बस में सीट लेने के लिए खासी जद्दोजहद करती दिखाई दीं।
महिलाओं को नहीं होगी परेशानी
हरियाणा रोडवेज झज्जर के महाप्रबंधक एनके गर्ग का कहना है कि रक्षाबंधन पर लोकल रूटों पर बसों की संख्या अधिक की गई है। जिस भी रूट पर महिला यात्रियों की संख्या 40 से 50 तक पहुंचेंगी, उस रूट पर बस का संचालन सुनिश्चित करा दिया जाएगा। रोडवेज का प्रयास है कि सभी महिलाओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े।
---