बहादुरगढ़: फुटवियर फैक्टरी में लगी भीषण आग, कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान, 12 से ज्यादा दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
एमआइई के भाग बी के प्लॉट नंबर 10 में चल रही फुटवियर फैक्टरी रिद्धी-सिद्धी के ऊपरी तल पर सोमवार रात आग लग गई। वहां मौजूद कर्मचारियों की नजर पड़ी तो हड़कंप मच गया उन्होंने आग को बुझाने के प्रयास शुरू किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बहादुरगढ़ शहर के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (एमआईई) के भाग-बी स्थित रिद्धी-सिद्धी फुटवियर फैक्टरी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि इसने साथ लगती दूसरी फैक्टरी को भी अपनी चपेट में ले लिया। फैक्टरी में आग लगी देख ऊपरी तल पर काम कर रहे कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई।
आग से फैक्टरी में लाखों का तैयार व कच्चा माल जलने का अनुमान है। आग से फैक्टरी के भवन को भी काफी नुकसान हुआ है। 12 से अधिक गाड़ियों की मदद से लगभग आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कोई जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। जिस भवन में फुटवियर फैक्टरी चलती है, उसी में तीन साल पहले चल रही कूलर फैक्टरी में दो श्रमिकों की जलकर मौत हो गई थी।
एमआईई के भाग बी के प्लॉट नंबर 10 में चल रही फुटवियर फैक्टरी रिद्धी-सिद्धी के ऊपरी तल पर सोमवार रात को आग लग गई। वहां मौजूद कर्मचारियों की नजर पड़ी तो हड़कंप मच गया। उन्होंने आग को बुझाने के प्रयास शुरू किए, लेकिन कुछ ही मिनट में आग बेकाबू होती गई। कर्मचारियों ने तुरंत फैक्टरी से निकलकर जान बचाई और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एमआईई दमकल केंद्र से गाड़ियां रवाना हो गईं। कुछ मिनट में घटनास्थल पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने आग बुझाना शुरू कर दिया। फैक्टरी में कई प्रकार की शीघ्र ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग किया जाता है, इसलिए आग विकराल रूप लेती गई। स्थानीय दमकल अधिकारियों ने दिल्ली व आसपास के स्थानों से भी गाड़ियां मंगवाईं।
इस बीच प्लॉट नंबर 10 की आग पीछे स्थित फुटवियर फैक्टरी सतीश खट्टर एंड संस में पहुंच गई। उसमें भी भारी नुकसान होने का अनुमान है। करीब पांच घंटे बाद आग पर कुछ हद तक काबू पाया गया, पर पूरी तरह से मंगलवार सुबह करीब छह बजे तक आग बुझाई जा सकी। इस प्रकार आग पर सही ढंग से काबू पाने में करीब आठ घंटे लगे।
आग लगने के कारण का अभी पता नहीं : राकेश कुमार
फायर ऑफिसर राकेश कुमार ने बताया कि फुटवियर फैक्टरी में आग लगने के कारण का अभी पता नहीं लगा है। जांच की जा रही है। फैक्टरी मालिक प्रशांत विहार दिल्ली निवासी सोनू गर्ग से भी इस बारे में बातचीत की जाएगी। घटना में यहां रखा लाखों रुपये का तैयार व कच्चा माल जलने का अनुमान है। फैक्टरी भवन को काफी नुकसान हुआ है।
कोई जनहानि की सूचना नहीं है। फैक्टरी मालिक के बारे में जानकारी ली जाएगी। मौके पर सर्च अभियान चलाकर नुकसान का आकलन भी किया जाएगा। प्लॉट नंबर 10 के जिस भवन में रिद्धी-सिद्धी फुटवियर फैक्टरी चल रही है, उसी भवन में करीब तीन साल पहले कूलर फैक्टरी चलती थी। 20 सितंबर 2019 को भी आग लग गई थी। उस घटना में दो श्रमिकों की जलकर मौत हो गई थी।