फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Jhajjar/Bahadurgarh News ›   बदमाशों से मुठभेड़ में गोली लगने से हवलदार गंभीर

बदमाशों से मुठभेड़ में गोली लगने से हवलदार गंभीर

Mon, 25 Sep 2017 01:08 AM IST
Updated Mon, 25 Sep 2017 01:08 AM IST
विज्ञापन
बदमाशों से मुठभेड़ में गोली लगने से हवलदार गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

बहादुरगढ़।
शहर में स्थित एक चर्च के पादरी के अपहृत बेटे को पुलिस ने सकुशल छुड़ा लिया है। इससे युवक के परिजनों ने राहत की सांस ली है। हालांकि अपहृत युवक को छुड़ाने में पुलिस को काफी मशक्क्त करनी पड़ी और बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ भी हुई जिसमें एक हवलदार गोली लगने से घायल हो गया। बाद में एक बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। दूसरा बदमाश भी शीघ्र पकड़े जाने की संभावना है।
शहर के सेक्टर-9 निवासी पादरी सेवियर मैथ्यू के 22 वर्षीय बेटे अभिषेक का गत शुक्रवार को अपहरण हो गया था। बदमाशों ने अभिषेक के पिता को फोन कर 76 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी और रुपये न देने व पुलिस को सूचना देने पर उनके बेटे को मौत के घाट उतारने की धमकी दी थी। लेकिन सेवियर ने शुक्रवार को ही पुलिस को मामले की सूचना दे दी। तभी से पुलिस अभिषेक को सकुशल ढूंढ लाने और बदमाशों को पकड़ने के लिए सक्रिय हो गई थी। झज्जर से पुलिस अधीक्षक सतीश बालन खुद भी बहादुरगढ़ आ जमे थे। बदमाशों से सेवियर की फोन पर हुई बातचीत के अनुसार पुलिस ने पैसा देने के बहाने बदमाशों को पकड़ने और अभिषेक को छुड़ाकर लाने की योजना बनाई।
विज्ञापन

बदमाशों के बताए अनुसार रखे 70 लाख
तय योजना अनुसार रविवार शाम को सादी वर्दी में पुलिस के कुछ कर्मचारी मैथ्यू परिवार के साथ 70 लाख रुपये लेकर गांव आसौदा व बराही के बीच उस स्थान के करीब पहुंच गए जहां बदमाशों ने रकम रखने की बात कही थी। मैथ्यू परिवार के एक सदस्य ने तय स्थान पर 70 लाख रुपये की रकम रखी और एक बदमाश इस रकम को उठाने के लिए नजदीक बढ़ा तो सादी वर्दी में तैनात पुलिस ने उसको घेर लिया। पुलिस का कहना है कि इस पर बदमाश ने पुलिस पर गोली चला दी जो हवलदार रवींद्र के पेट में लगी। पुलिस पार्टी के बाकी सदस्यों ने बदमाश को 70 लाख रुपये की रकम सहित काबू कर लिया। सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए बदमाश से पूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने अपहृत युवक अभिषेक मैथ्यू को भी बरामद कर लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रवींद्र के परिजन भी पहुंचे
मुठभेड़ में घायल हुए हवलदार रवींद्र को शहर के ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। रोहतक जिले के गांव जसिया के निवासी रवींद्र सीआईए बहादुरगढ़ में कार्यरत हैं। रवींद्र को बेहतर इलाज दिलाने के लिए एसपी सतीश बालन भी घंटों तक अस्पताल में डटे रहे। रवींद्र के घायल होने की सूचना मिलने पर गांव जसिया से उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। रवींद्र को कई बोतल रक्त चढ़ाया जा चुका है।
एसपी ने चलाया ऑपरेशन
अभिषेक को सकुशल छुड़ाने और बदमाशों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन चलाने वाली पुलिस पार्टी को तमाम दिशा निर्देश एसपी सतीश बालन दे रहे थे। वह दो दिन से बहादुरगढ़ में ही डटे हुए थे। पुलिस पार्टी में बहादुरगढ़ के डीएसपी भगतराम, डीएसपी हंसराज, शहर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार व सीआईए प्रभारी समेत तमाम पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। झज्जर से भी पुलिस बुलाई गई थी। शनिवार की सुबह से ही जिले के तमाम पुलिस तंत्र में हड़कंप मचा हुआ था।
सेवियर के फोन पर आई थी कॉल
शास्त्री नगर स्थित चर्च के पादरी रहे सेवियर मैथ्यू सेक्टर-9 में रहते हैं। उनका बेटा अभिषेक दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में पढ़ाई करता है। शुक्रवार को भी वह रोहिणी गया था, मगर शाम को घर नहीं लौटा। उसके बाद उसके फोन से सेवियर के फोन पर एक अज्ञात शख्स की कॉल आई। कॉलर ने पादरी सेवियर से कहा कि तुम्हारे लड़के का अपहरण किया गया है। इसको छोडने की एवज में 76 लाख रुपये देने होंगे। यदि रुपये नहीं दिए या फिर पुलिस को सूचना दी तो तुम्हारे बेटे को मार दिया जाएगा। इसके बाद उक्त शख्स ने फोन बंद कर दिया।
बहादुरगढ़ में होने की आशंका
अभिषेक का बहादुरगढ़ में ही अपहरण होने की आशंका जताई जा रही थी। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार की शाम को करीब साढ़े 5 बजे सेवियर ने अभिषेक के पास फोन किया था। तब अभिषेक ने कहा कि वह बहादुरगढ़ आ गया है। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। बाद में उसके फोन से किसी ने सेवियर के पास फोन करके रुपयों की मांग की। बताते हैं कि शनिवार की सुबह भी बदमाशों ने सेवियर को कॉल की। उसके बाद रविवार को तो पुलिस ने सेवियर की बदमाशों से बातचीत कराकर अभिषेक को छुड़ाने की सारी योजना ही बना ली।

बाकी बदमाश भी जल्द होंगे गिरफ्त में
अपहरण की शिकायत मिलने पर पुलिस ने अभिषेक मैथ्यू को सुरक्षित छुड़ा लिया गया है। एक बदमाश को भी पकड़ लिया गया है। मुठभेड़ में एक पुलिस कर्मचारी को गोली लगी है जो गंभीर है। अपराध में शामिल बाकी बदमाशों को भी शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।
-बी सतीश बालन, एसपी, झज्जर

अपहृत युवक को पुलिस ने सकुशल छुड़ाया, परिजनों को मिली राहत
-पुलिस ने रकम उठाने आए एक बदमाश को दबोचा
-बहादुरगढ़ के पास आसौदा व बराही के बीच खेतों में हुई घटना
-अपहृत युवक के परिजनों से मांगी थी 76 लाख रुपये फिरौती

---फोटो 14 : हवलदार रवींद्र।
---फोटो 15 : बहादुरगढ़ में अस्पताल के बाहर हो गई भीड़।
---फोटो 16 : अस्पताल में पुलिस का भी रहा जमावड़ा।
---फोटो 17 : बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 में
-----------------
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed