गेहूं का बीज न मिलने पर किसानों ने जमकर किया हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गेहूं का बीज लेने आए किसानों को मंगलवार को लंबी लाइनों में लगकर बीज नहीं मिला तो वे भड़क गए और उन्होंने बेरी की अनाजमंडी में जमकर बवाल काटा।
मौजूद कर्मचारियों पर बीज ब्लैक में बेचने में मिलीभगत का आरोप लगाया। आखिरकार संबंधित विभाग का कर्मचारी मामले की गंभीरता देखते हुए से मौके खिसक गया।
कृषि विभाग की तरफ से कृषि संबंधित बीज, खाद या फिर किसानों से संबंधित अन्य मामलों के लिए बेरी के आर्य समाज मंदिर में कार्यालय खोला हुआ है, लेकिन मंगलवार को किसानों को वितरित किया जाने वाला गेहूं का बीज बेरी की अनाजमंडी में रखा गया था।
जैसे ही गेहूं के बीज का वितरण शुरू हुआ तो उसी दौरान ही काफी संख्या में बेरी और आसपास के अन्य किसान काफी संख्या में अनाज मंडी में आ पहुंचे और गेहूं का बीज लेने के लिए कई घंटों तक कतार में खड़े रहे और बाद में बीज न मिलने पर किसान भड़क गए और उन्होंने जमकर बवाल काटा।
किसानों का कहना था कि सरकार की तरफ से गेहूं के बीज की कोई कमी नहीं छोड़ी गई है, लेकिन विभाग के अधिकारी अपने जान-पहचान वालों को अनाज मंडी से गेहूं का बीज दे देते हैं।
बेरी, गांव पलड़ा, शेरिया, बिसान सहित दर्जनों गांवों से आए किसानों ने मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों को बताया कि वैसे तो सरकार ने सभी जिला मुख्यालयों पर बने किसान सदन पर गेहूं के बीज का वितरण शुरू कर रखा है, लेकिन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के अड़ियल रवैये की बदौलत उन्हें गोहाना और सोनीपत से गेहूं का बीज लाकर अपना काम चलाना पड़ रहा है।
मंगलवार को वह काफी देर तक कतार में खड़े रहे, लेकिन उन्हें गेहूं का बीज नहीं मिला। बाद में कर्मचारी ने गेहूं का बीज खत्म होने का बहाना बनाकर बीज का वितरण बंद कर दिया।
यही वजह है कि उन्हें अपना विरोध जताना पड़ा। हंगामे की सूचना के बाद बेरी नगरपालिका चेयरमैन के प्रतिनिधि भोला पहुंचे तो अधिकारियों से यही कहना था कि अनाज मंडी में गेहूं का बीज क्यों वितरित किया जा रहा है और बीज की खरीदारी में कोई पारदर्शिता नहीं है।
अपने जान-पहचान के लोगों को फोन पर सूचना दे दी जाती है और जिससे लाइनों में लगे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कृषि विभाग बेरी क्षेत्र में लगभग 53 हजार हेक्टेयर जमीन में खेती होती है, जिसमें 21 हजार हेक्टेयर जमीन में गेहूं की बुआई होती है। इसके लिए अब तक केवल 440 कट्टे गेहूं के बीज का ही वितरण हुआ है।
मंगलवार को किसानों को 110 कट्टे गेहूं के बीज का वितरण किया गया था। किसानों के लिए गेहूं का बीज झज्जर से लाना पड़ता है और जैसे ही बीज आ रहा है किसानों को वितरित किया जा रहा है।
सुरेंद्र डागर, एडीओ बेरी