अमर उजाला ब्यूरो
बेरी। लाला रामस्वरूप पार्क में सर्व कर्मचारी संघ व सीटू की ओर से नागरिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता सीटू जिला प्रधान सरोज दुजाना और सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान राकेश दुजाना ने की। इसमें किसानों, छात्रों, परियोजना कर्मी, कर्मचारी के अलावा अन्य लोगों ने भाग लिया। सचिव राजेंद्र जुलाना, सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान राकेश दुजाना और सीटू जिला प्रधान सरोज दुजाना ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश के कमेरा वर्ग को रोजगार विहीन कर दिया। पिछले 45 वर्षों में भारत सरकार का रोजगार ग्राफ गिरा है। संविधान और जनतांत्रिक व्यवस्था को कुचलने का प्रयास किया गया। हरियाणा महिलाओं के उत्पीड़न में नंबर वन पर है। एनपीएस लागू करके अर्धसैनिक बलों और आम कर्मचारी का भविष्य अंधकार में धकेल दिया। सार्वजनिक सेवाओं को बंद करके स्थायी रोजगार को समाप्त कर दिया। सामाजिक सुरक्षा बंद करके आम नागरिक का भविष्य चौपट कर दिया। महंगी शिक्षा ने देश के हर बच्चे से शिक्षा अधिकार छीन लिया। आज चुनाव के मौके पर सभी राजनीतिक दलों की प्रतिनिधि आम जनता के बीच आएंगें। उनसे शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली, परिवहन पर परिचर्चा करके पक्ष को जाने। सम्मेलन को सर्व कर्मचारी संघ के सचिव राजेंद्र जुलाना, किसान नेता जयप्रकाश बेनीवाल, रामचंद्र यादव, सीटू जिला सचिव प्रवेश, किरण बहराना, अफलातून जाखड़, जयभगवान अहलावत, जगबीर सोलंकी, भूपेंद्र यादव, सूरजभान आदि ने संबोधित किया।