Haryana: दम घुटने से दो लोगों की मौत, होटल के वेस्ट टैंक में मोटर ठीक करने उतरे थे मजदूर
हांसी में दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। दोनों मजदूर होटल के वेस्ट टैंक में मोटर को ठीक करने उतरे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
दिल्ली रोड पर स्थित एक होटल में शनिवार शाम करीब 4 बजे सफाई करने सेफ्टी टैंक में उतरे दो सफाई कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई। होटल कर्मी दोनों को बेसुध हालत में नागरिक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों को बिना सुरक्षा उपकरण के ही सैफ्टी टैंक में उतार दिया गया। होटल प्रबंधन की लापरवाही से इनकी जान गई है।
अभी दर्ज नहीं हुआ केस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने भी मौका मुआयना किया। हालांकि देर रात तक परिजनों के बयान दर्ज नहीं हो सके थे। ऐसे में अभी केस दर्ज नहीं हो सका है। शवों का पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा।
दोनोंं बाहर नहीं निकल सके तो आसपास के लोगों ने शोर मचाया और किसी तरह दोनों को बेसुध हालत में टैंक से बाहर निकाला। तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जगदीप ने बताया कि दोनों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखवाया है। होटल संचालक से इस बारे में संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन हो नहीं सका। एसएचओ ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर ही कार्रवाई करेंगे। बयान रविवार को दर्ज करने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। सेफ्टी उपकरण दिए गए थे या नहीं, यह अभी जांच का विषय है।