{"_id":"9b06f0a36378c90daf72df76142db891","slug":"the-panchayat-came-forward-to-save-the-attackers-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"हमलावरों को बचाने आगे आई पंचायत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हमलावरों को बचाने आगे आई पंचायत
ब्यूरो/अमर उजाला, हिसार
Updated Wed, 24 Sep 2014 12:15 AM IST
विज्ञापन
कैंट में रोडवेज बस के ड्राइवर पर हमले करने के आरोपी युवकों के बचाव में दो गांवों के पंचायत मंगलवार को अधिकारियों से मिली।
विज्ञापन
हालांकि परिजनों को सुबह 9 बजे का समय दिया गया था, लेकिन परिजन दोपहर को पंचायत लेकर पहुंचे। इस कारण उनकी ट्रैफिक मैनेजर से मुलाकात नहीं हो सकी।
बता दें कि कुछ युवकों ने रोडवेज के ड्राइवर और कंडक्टर पर हमला कर दिया था। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस में मामला पहुंचने पर आरोपियों को अपना करियर खतरे में दिखा।
इसके बाद आरोपी हमलावरों ने अपने करियर की दुहाई देकर दो गांवों की पंचायत से समझौता कराने की गुहार लगाई। इस पर मंगलवार को पंचायत प्रतिनिधि अफसरों से मिलने पहुंचे।
विज्ञापन
पंचायत ने ड्राइवर व कंडक्टर से युवकों की ओर से माफी मांगी। लेकिन ड्राइवर-कंडक्टर ने महाप्रबंधक व रोडवेज यूनियन के सामने ही मामले का पटाक्षेप करने की बात कही।
विज्ञापन
साथ ही कंडक्टर व ड्राइवर ने इसमें शामिल सभी युवकों को पकड़ने की बात भी कही। हालांकि पुलिस ने इस घटना में शामिल छह युवकों में से तीन को काबू कर लिया था।
ड्राइवर सुखबीर ने कहा कि जब तक इस घटना में शामिल मुख्य युवकों को सामने नहीं लाया जाएगा, तब तक समझौता नहीं किया जाएगा।
आखिरकार मंगलवार को कोई फैसला नहीं हो सका और पंचायत को बैरंग ही लौटना पड़ा। वहीं, रोडवेज कर्मचारी नेता महावीर फौजी व राजपाल नैन ने कहा कि इस करतूत में शामिल सभी युवकों को जब तक काबू नहीं किया जाता, तब तक समझौते की कोई बात नहीं होगी।
रोडवेजकर्मियों के साथ लड़ाई-झगड़े आम बात हो गई है, ऐसे में उनका नौकरी करना भी दूभर हो गया है।
तीनों को भेजा जेल
एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि ड्राइवर सुखबीर की शिकायत पर गांव माढा के तीन युवकों को नामजद किया गया था।
जिन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। महेंद्र सिंह ने बताया कि बीएससी के छात्र संजय तथा बीए के छात्र संदीप व नवीन को सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
मेरे से नहीं मिली पंचायत : टीएम
ट्रैफिक मैनेजर जितेंद्र यादव का कहना है कि मैंने युवकों के परिजनों को सुबह 9 बजे ऑफिस बुलाया था, लेकिन 9 बजे तक न परिजन आए और न ही कोई पंचायत।
बाद में भी कोई पंचायत उनसे नहीं मिली। बाकी दोषियों के खिलाफ ड्राइवर व कंडक्टर की रजामंदी से ही कोई फैसला लिया जाएगा।