हांसी। लघु सचिवालय में सोमवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव चानौत में जलभराव की समस्या पर एसडीएम ने पानी निकासी के लिए बरवाला रोड के साथ एक अस्थायी ड्रेन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस ड्रेन को बनाने का कार्य तुरंत शुरू करें।
एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भाटला पावर हाउस में जमा बरसाती पानी की निकासी का कार्य तेजी से करवाएं। एसडीएम ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि वह सभी विद्यालयों की छतों का निरीक्षण कर सुनिश्चित करें कि किसी भी विद्यालय की छत पर पानी का ठहराव नहीं होना चाहिए। इसके साथ-साथ स्कूल की इमारत की स्थिति का भी समय-समय पर निरीक्षण करते रहें। अगर इस दौरान किसी भी प्रकार की कोई कमी नजर आए तो तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित करें। ताकि समय रहते प्रबंध पूर्ण किए जा सके। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि फिलहाल बरसाती मौसम चल रहा है ऐसे में पौधरोपण के कार्य में और तेजी लाई जाए। उन्होंने नर्सरियों में फिलहाल उपलब्ध पौधों की रिपोर्ट भिजवाने के भी निर्देश दिए। समाधान शिविर में नागरिकों द्वारा परिवार पहचान पत्र में आय कम करवाने, आधार कार्ड में त्रुटि ठीक करवाने को लेकर भी शिकायत प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर नायब तहसीलदार दयाचंद, उप अधीक्षक धर्मवीर रंगा और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।